अपडेट: 24 घंटे 227 नए मामले, अब तक 32 की मौत, कोरोना मरीजों की तादाद हुई 1251

अपडेट: 24 घंटे 227 नए मामले, अब तक 32 की मौत, कोरोना मरीजों की तादाद हुई 1251

नई दिल्ली। पिछले 24 घंटो में कोरोना संक्रमित लोगों के 227 नए मामले सामने आने के साथ ही भारत में कोरोना संक्रमित मरीजों की तादाद बढ़कर 1251 हो गई है। वहीँ कोरोना संक्रमण से मृतकों की संख्या 32 पहुँच गई है।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बताया कि देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 227 मामले सामने आए है, जो एक दिन में सबसे ज्यादा है। इस तरह से भारत में कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1251 हो गई हैं, जिनमें 1117 सक्रिय मामले हैं। 102 ठीक लोग हो चुके हैं।

24 घंटे में राजधानी दिल्ली से कोरोना वायरस से संक्रमितों के 25 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 97 हो गई है। दिल्ली के निजामुद्दीन मामले के खुलासे के बाद प्रशासन के काम करने के तरीको पर सवाल उठ रहे हैं।

वहीँ महाराष्ट्र में सोमवार को 216 लोग संक्रमित पाए गए हैं। राज्य में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 39 लोग डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। महाराष्ट्र में सोमवार को दो लोगों की मौत हुई जिसमें से एक व्यक्ति की पुणे और दूसरे की मुंबई में मौत हो गई।

मध्य प्रदेश में कोरोना से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार सुबह प्रदेश में कोरोना से संक्रमित 19 नए मरीज मिले हैं। प्रदेश में इंदौर में 17 और नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि 2 अन्य मरीज पाए गए हैं।

वहीँ राजस्थान की बात करें तो यहाँ पिछले 12 घंटे में 13 नए पॉजिटिव सामने आए। इसमें चार केस मंगलवार को सामने आए। प्रदेश में अब कुल संक्रमितों की संख्या 83 पहुंच गई है। वहीं, संक्रमण के चलते दो लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को कोरोना संक्रमण रोगियों की संख्या 50 का आंकड़ा पार कर गई। आज छह और मामले पॉजीटिव पाए गए हैं। वहीँ पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के चार नए मामले सामने आने के साथ राज्य में कोविड-19 संक्रमितों की कुल संख्या 26 हो गई।

तेलंगाना में कोरोना वायरस के संक्रमण से सोमवार को 6 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इन लोगों ने दिल्ली के निजामुद्दीन में आयोजित तबलीगी जमात के धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।

TeamDigital