2019 से पहले राम मंदिर निर्माण शुरू होने के बयान से मुकरी बीजेपी
नई दिल्ली। 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले राम मंदिर निर्माण शुरू होने वाले बयान से बीजेपी ने किनारा कर लिया है। बीजेपी ने तेलंगाना बीजेपी के प्रभारी पराला शेखर के उस बयान का खंडन किया है जिसमे उन्होंने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह का हवाला देकर कहा था कि 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले राम मंदिर निर्माण शुरू हो जायेगा।
अमित शाह कल तेलंगाना के दौरे पर थे। उसी दौरान अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक की, जिसकी ब्रीफिंग करने प्रदेश के प्रभारी व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य पराला शेखर प्रदेश कार्यालय में मीडिया ब्रीफिंग में बीजेपी अध्य्क्ष अमित शाह का हवाला देते हुए कहा था कि बैठक में राम मंदिर निर्माण पर शाह ने कहा है कि जो हालात हैं उससे लगता है कि 2019 के आम चुनावो से पहले राम मंदिर का निर्माण शुरू हो जाएगा।
अब भारतीय जनता पार्टी ने उन मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया है, जिनमें अमित शाह के हवाले से यह कहा गया था कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का काम लोकसभा चुनावों से पहले शुरू हो जाएगा।
समाचाार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, भाजपा का कहना है कि हैदराबाद की जिस बैठक का जिक्र मीडिया में किया जा रहा है, उसमें राम मंदिर कोई एजेंडा नहीं था।
अमित शाह ने समय से पहले लोकसभा चुनाव कराए जाने की संभावनाओं से भी इन्कार किया है। शाह ने पार्टी नेताओं से राज्य में सरकार बनाने के लिए रणनीति तैयार करने को भी कहा।
गौरतलब है कि इससे पहले उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आयोजित संत सम्मेलन में प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ राम मंदिर निर्माण पर सुप्रीमकोर्ट के फैसले का इंतज़ार करने के लिए कह चुके हैं। संत सम्मेलन में योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि जब राम जी की कृपा होगी तभी बनेगा राम मंदिर। हालाँकि योगी आदित्यनाथ के इस बयान पर संतो ने नाराज़गी ज़ाहिर की थी।
