2019: विपक्ष को एकजुट करने में जुटीं सोनिया गांधी, आज करेंगी विपक्ष के नेताओं के साथ बैठक

2019: विपक्ष को एकजुट करने में जुटीं सोनिया गांधी, आज करेंगी विपक्ष के नेताओं के साथ बैठक

नई दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनावो में विपक्ष के महागठबंधन के लिए प्रयास तेज हो गए हैं। इसके लिए आज यूपीए की अध्यक्ष सोनिया गांधी विपक्षी दलों के नेताओं के साथ अहम बैठक करेंगी। इस बैठक में करीब डेढ़ दर्जन विपक्षी पार्टियों के प्रतिनिधियों के शिरकत करने का दावा किया जा रहा है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक आज की बैठक में करीब 19 विपक्षी दलों के मौजूद रहने की सम्भावना है। यह बैठक संसद भवन की लाइब्रेरी के आयोजित की गयी है। इस बैठक में चौधरी अजीत सिंह का राष्ट्रीय लोकदल भाग नहीं ले रहा है।

सूत्रों के मुताबिक आज की बैठक में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल, तृणमूल कांग्रेस, सीपीआई, डीएमके, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, एआईयूडीएफ सहित कई राज्यों के क्षेत्रीय दलों के नेता भाग ले रहे हैं। इसके अलावा इस बैठक में जदयू के बागी नेता शरद यादव मुख्य तौर पर शामिल होंगे।

सूत्रों के मुताबिक सेकुलर मतों का विभाजन रोकने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन बनाना आज की बैठक का मुख्य एजेंडा है। सूत्रों ने कहा कि विपक्ष के अधिकांश नेता चाहते हैं कि सोनिया गांधी यूपीए का नेतृत्व करना जारी रखें।

सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावो की तरह सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम समय तक सस्पेंस न बना रहे, इसलिए विपक्ष के गठजोड़ में कौन कौन सी पार्टियां रहेंगी और सीटों का बंटवारा किस आधार पर होगा ये सब पहले ही तय हो जाना चाहिए।

विपक्ष के नेताओं का मानना है कि सीटों के बंटवारे के खुलासे से तय हो जाएगा कि किस संसदीय क्षेत्र में कौन सी पार्टी का उम्मीदवार रहेगा। इससे क्षेत्रीय दल अपने उम्मीदवारों की घोषणा समय से कर सकेंगे।

इससे पहले विपक्ष को एकजुट करने के लिए मुंबई में संविधान बचाओ मार्च के आयोजन में शामिल गैर बीजेपी दलों के नेताओं की सोमवार को दिल्ली में समपन्न हुई बैठक में विपक्ष की एकता और 2019 में होने जा रहे लोकसभा चुनावो में साझा तौर पर चुनाव लड़ने के लिए चर्चा हुई थी। एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार के नई दिल्ली आवास पर आयोजित इस बैठक में विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर संयुक्त रणनीति पर चर्चा की थी ।

इस बैठक में मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस,तृणमूल कांग्रेस, सीपीआई, राष्ट्रीय जनता दल सहित देश के प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था।

TeamDigital