2019: किसी भी ऐसे उम्मीदवार के समर्थन को तैयार जो बीजेपी, आरएसएस को हराये: राहुल
नई दिल्ली। 2019 के आम चुनाव के लिए जहाँ एक तरफ विपक्ष को एकजुट करने के प्रयास किये जा रहे हैं वहीँ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान ने बीजेपी की चिंता बढ़ा दी है। राहुल गांधी ने कहा कि वे किसी भी ऐसे उम्मीदवार का समर्थन करने को तैयार हैं जो बीजेपी और आरएसएस को रोक सके।
2019 के चुनाव को लेकर बीजेपी अब तक यह सोचे बैठी थी कि विपक्ष का एकजुट होना मुश्किल है और प्रधानमंत्री पद के लिए विपक्षी दलों में मनमुटाव पैदा होगा और विपक्ष एकजुट नहीं हो सकेगा।
वहीँ अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के हालिया बयान से यह तय माना जा रहा है कि विपक्ष की एकता और बीजेपी को रोकने के लिए कांग्रेस पीएम पद से अपने कदम वापस खींचकर किसी और को प्रधानमंत्री बनाने से परहेज नहीं करेगी।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का यह बयान एक महिला पत्रकार के उस सवाल के जबाव में आया है जिसमे उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया था कि क्या वे प्रधानमंत्री पद के लिए तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी और बसपा सुप्रीमो मायावती का समर्थन करेंगे ?
इसके जबाव में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि वे हर उस उम्मीदवार का समर्थन करेंगे जो बीजेपी और आरएसएस को पराजित करने की क्षमता रखता हो ।
बता दें कि हाल ही में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में भी सभी कांग्रेस नेताओं ने 2019 के आम चुनाव के लिए गैर बीजेपी दलों को एकजुट करने के लिए प्रयास करने पर सहमति जताई थी।
यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने भी कांग्रेस नेता पी चिदंरम के उस प्रजेंटेशन का समर्थन किया था जिसमे उन्होंने कहा था कि 12 राज्यों में कांग्रेस थोड़ी सी मेहनत करने से अपनी सीटें तीन गुना कर सकती है।
हालाँकि कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को गठबंधन का चेहरा बनाये जाने पर बल दिया गया लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ताजा बयान से स्पष्ट हो गया है कि बीजेपी को रोकने के लिए कांग्रेस किसी अन्य दल के नेता को भी पीएम पद का उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
