2 अक्टूबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाएंगी सोनिया गांधी

2 अक्टूबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शपथ दिलाएंगी सोनिया गांधी

नई दिल्ली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है। इस अवसर पर कांग्रेस द्वारा दिल्ली में गांधी संदेश यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस पदयात्रा में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शामिल होंगी।

यह पद यात्रा दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से प्रातः 9 बजे शुरू होगी और 11 बजे राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधी राजघाट पर संपन्न होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राजघाट पर करीब सात हज़ार कांग्रेस कार्यकर्त्ता मानव श्रंखला भी बनाएंगे।

पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी राजघाट पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शपथ भी दिलाएंगी। पार्टी सूत्रों ने कहा कि सोनिया गांधी ने प्रदेश इकाइयों को निर्देश दिए हैं कि दो अक्टूबर को हरहाल में पदयात्रा कार्यक्रम आयोजित किये जाएँ।

माना जा रहा है कि महाराष्ट्र और हरियाणा में हो रहे विधानसभा चुनावो के मद्देनज़र कांग्रेस राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर जनता को बड़ा सन्देश देना चाहती है। यही कारण है कि सभी प्रदेश इकाइयों को कार्यक्रमों के आयोजन से संबंधित सभी दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।

गुजरात, बिहार, महाराष्ट्र, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश के अलावा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और झारखंड की प्रदेश इकाइयों से कहा गया है कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशभर में कार्यक्रमों के आयोजन किये जाएँ। इन कार्यक्रमों में गांधी संदेश यात्रा का आयोजन भी शामिल है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक गांधी संदेश यात्रा के माध्यम से साम्प्रदायिकता के खिलाफ लड़ने का आह्वान करेगी। सूत्रों ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और भाईचारा का विचार जनता को एक बार फिर स्मरण कराया जाएगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital