19 साल बाद तारिक अनवर की घर वापसी, राहुल गांधी की मौजूदगी में थामा हाथ
नई दिल्ली। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के संस्थापक सदस्य तारिक अनवर ने आज कांग्रेस में अपनी घर वापसी कर ली। तारिक अनवर पांच बार बिहार के कटिहार से सांसद रह चुके हैं। शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में तारिक अनवर कांग्रेस में शामिल हो गए।
हाल ही में राफेल मुद्दे पर एनसीपी प्रमुख शरद पवार के बयान पर तारिक अनवर ने एनसीपी और लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। शरद पवार ने राफेल मुद्दे पर कहा था कि वे पीएम मोदी की नीयत पर शक नहीं कर सकते।
शरद पवार के इस बयान पर तारिक अनवर ने इस्तीफा दे दिया, हालाँकि बाद में एक कार्यक्रम में शरद पवार ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने इस तरह की कोई बात नहीं कही।
तारिक अनवर ने 1999 में सोनिया गांधी के विदेशी मूल के मुद्दे पर कांग्रेस से बगावत कर शरद पवार के साथ एनसीपी बनाई थी। उन्होंने करीब 19 साल बाद एक बार फिर कांग्रेस में घर वापसी की है।
तारिक अनवर 2019 के लोकसभा चुनाव में विपक्ष की एकजुटता के पक्षधर माने जाते हैं। विपक्ष की अधिकतर बैठकों में तारिक अनवर एनसीपी के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल होते रहे हैं।
