आप के 15 विधायक होंगे कांग्रेस में शामिल, सोनिया की मुहर का इंतज़ार

आप के 15 विधायक होंगे कांग्रेस में शामिल, सोनिया की मुहर का इंतज़ार

नई दिल्ली। दिल्ली में होने जा रहे विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अपने जिन 15 विधायकों के टिकिट काटे हैं, वे अब कांग्रेस के संपर्क में हैं। सूत्रों की माने तो सभी पंद्रह विधायक जल्द कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं, विधायकों की कांग्रेस में एंट्री पर पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की मुहर लगने का इंतजार किया जा रहा है।

सूत्रों से मिली इस खबर की पुष्टि करते हुए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के 15 विधायकों ने उनसे टिकट के लिए संपर्क किया है।

सुभाष चोपड़ा ने कहा, “अगर आम आदमी पार्टी (आप) को अपने काम पर भरोसा है तो वह अपने सभी विधायकों को फिर से अवसर क्यों नहीं दे रही है। वह अपने विधायकों के अच्छे कार्यो का यह पुरस्कार दे रही है।”

वहीँ दिल्ली के बदरपुर से आम आदमी पार्टी के विधायक एन डी शर्मा ने अपना टिकिट काटे जाने पर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उन्हें अपने घर बुलाकार कहा कि आम आदमी पार्टी में शामिल हुए राम सिंह नेताजी बदरपुर सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं और वे इसके लिए 20-21 करोड़ रुपये भी देने को तैयार हैं, यदि आप दस करोड़ रुपये तक दें तो टिकिट आपको मिल सकता है।

सूत्रों की माने तो आम आदमी पार्टी के टिकिट से वंचित रहे 15 विधायकों की लिस्ट कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी के पास पहुँच चुकी है। इसके अलावा कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में गए राजकुमार चौहान भी अगले एक दो दिन में कांग्रेस में वापसी कर रहे हैं। राजकुमार चौहान आज सोनिया गांधी से मिलने दस जनपथ पहुंचे थे।

सूत्रों ने कहा कि आप विधायकों के कांग्रेस में शामिल किये जाने के फैसले पर गुरूवार देर शाम तक मुहर लग सकती है। वहीँ राजकुमार चौहान की कांग्रेस में वापसी पर मुहर लग चुकी है।

ये हैं वे 15 विधायक, जिनके कांग्रेस में शामिल होने की बात चल रही है:

आम आदमी पार्टी में टिकिट से वंचित रहे जिन 15 विधायकों के कांग्रेस में शामिल होने कोई बात कही जा रही है उनमे पंकज पुष्कर (तिमारपुर), राम चंदर (बवाना), सुखबीर दलाल (मुंडका), हजारीलाल चौहान (पटेल नगर), विजेंद्र गर्ग (राजेंद्र नगर), अवतार सिंह (कालकाजी), एन डी शर्मा (बदरपुर), राजू धिंगान (त्रिलोकपुरी), मनोज कुमार (कुंडली), चौधरी फतेह सिंह (गोकुलपुर), असीम अहमद खान (मटिया महल), जगदीप सिंह (हरिनगर), सुरेंद्र ‘कमांडो’ (दिल्ली छावनी), हाजी इशराक खान (सीलमपुर) और आदर्श शास्त्री (द्वारका) शामिल हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital