15 राज्यों में आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट, हरियाणा में दो दिन स्कूलों की छुट्टी
नई दिल्ली। देशभर के पंद्रह राज्यों में सोमवार को बड़े आंधी तूफान और ओलावृष्टि की संभावनाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में तेज आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है।
तूफान और ओलावृष्टि की आशंका के मद्देनज़र हरियाणा में स्कूली बच्चो का दो दिन का अवकाश रखा गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए हरियाणा राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग ने एक परामर्श के रूप में सुरक्षा सलाह जारी की है। वहीँ शिक्षा मंत्री रामविलास शर्मा ने अगले 7 और 8 मई को राज्य के सभी निजी और सरकारी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में धूलभरी तेज आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है तथा रुक रुक कर बारिश का क्रम मंगलवार को भी जारी रह सकता है।
मौसम विभाग के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक उत्तर-पूर्व राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन चुका है तो वहीं दूसरी तरफ पूर्वी मध्य प्रदेश और दक्षिण पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक दूसरा साइक्लोनिक सर्कुलेशन मजबूती पकड़ चुका है। इस वजह से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में अगले 24 से 48 घंटों में मौसम करवट ले लेगा।
