10 अगस्त को होगी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगने की संभावना
![10 अगस्त को होगी कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगने की संभावना](https://i0.wp.com/lokbharat.com/wp-content/uploads/2018/07/CWC-Meeting.jpg?fit=1024%2C683&ssl=1)
नई दिल्ली। नेतृत्व के संकट से जूझ रहीं कांग्रेस में अब जल्द नए अध्यक्ष के नाम पर मुहर लग सकती है। पार्टी में पेंडिंग पड़े कई मुद्दों पर चर्चा करने और विधानसभा चुनावो के लिए तैयारियों की समीक्षा को ध्यान में रखकर दस अगस्त को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाई गयी है।
पार्टी सूत्रों की माने तो 10 अगस्त को होने जा रही कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक अध्यक्ष पद से राहुल गांधी का इस्तीफा स्वीकार करने के साथ साथ नए अध्यक्ष के नाम पर भी मुहर लग सकती है।
सूत्रों ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में इस वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनावो के लिए पार्टी की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। इतना ही नहीं पार्टी के अंदर पेंडिंग पड़े कई महत्वपूर्ण विषयो पर भी कार्यसमिति की बैठक में चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष पद से राहुल गांधी का इस्तीफा स्वीकारे जाने की दशा में कार्यसमिति यह भी तय करेगी कि अब नया अध्यक्ष किसे बनाया जाए अथवा पार्टी में एक से अधिक कार्यकारी अध्यक्षों की न्युक्ति करके संयुक्त नेतृत्व प्रदान किया जाए।
वहीँ इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी का नाम कई नेताओं ने लिया है। पार्टी के सांसद शशि थरूर और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टेन अमरिंदर सिंह सार्वजनिक तौर पर प्रियंका गांधी की तारीफ़ कर चुके हैं और पार्टी अध्यक्ष पद के लिए उन्हें योग्य दावेदार बता चुके हैं।
दूसरी तरफ पार्टी सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी चाहते हैं कि इस बार गांधी परिवार को अध्यक्ष पद के दायित्व से मुक्त रखा जाए। जिससे पार्टी के अंदर लोकतान्त्रिक प्रक्रिया का सन्देश जा सके।
फिलहाल देखना है कि 10 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में होने वाली कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा होती है और अध्यक्ष पद पर न्युक्ति को लेकर क्या फैसला सामने आता है।