शॉटगन का पीएम पर व्यंग : हे प्रधान रक्षक, हे चौकदार-ऐ-वतन
नई दिल्ली। बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधे तौर पर घेरा है। इस बार शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएनबी घोटाले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर व्यंग कसा है।
सिन्हा ने ट्वीट के जरिए सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। प्रधानमंत्री मोदी के चौकीदार वाले बयान की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि बड़ा चौकीदार सो गया, छोटा दमदार खो गया, और हम सब देखते रह गए।
शत्रुघ्न सिन्हा ने इससे पहले ट्वीट में लिखा, ‘हे प्रधान सेवक, हे प्रधान रक्षक, चौकीदार-ए-वतन, सभी धोखेबाज दिनदहाड़े फ्राड कर विदेश भाग गए, क्या हम नेहरू को ब्लेम कर सकते हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए एयरलाइंस को लाइसेंस दिया?
वहीँ दूसरे ट्वीट में शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा कि ‘बड़ा चौकीदार सो गया, छोटा दमदार खो गया, और हम सब देखते रह गए।’ तीसरे ट्वीट में शत्रुघ्न सिन्हा ने पीएम मोदी के कैशलेस इकोनॉमी पर निशाना साधते हुए लोगों से कहा कि ‘चौकीदार-ए-वतन के कैशलेस को ऐसे तो न लें, आगे अभी और लोग सामने आने वाले हैं।’
बता दें कि हाल ही में हीरा कारोबारी नीरव मोदी पर पंजाब नेशनल बैंक में ग्यारह हज़ार करोड़ रुपये के फर्ज़ीवाड़े का मामला प्रकाश में आया है। मामले के खुलासे के बाद सीबीआई और ईडी ने कई जगह छापे मारी भी की है। वहीँ यह भी कहा जा रहा है कि इस घोटाले की रकम लगाए जा रहे अनुमान से अधिक हो सकती है।
