हिलेरी क्लिंटन को अमेरिका का राष्ट्रपति बनाने के लिए यूपी के इस गाँव में हो रही दुआएं

लखनऊ । शायद खुद हिलेरी क्लिंटन भी नही जानती होंगी कि उन्हें अमेरिका का राष्ट्रपति बनाने के लिए यूपी का एक छोटा से गांव जबरौली के लोग दिन रात दुआएं मांग रहे हैं। हिलेरी क्लिंटन अमेरिका में हो रहे राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी की उम्मीदवार हैं ।

लखनऊ के पास स्थित इस गांव के लोगों का हिलेरी क्लिंटन से खास नाता है। दरअसल, दो साल पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने इस गांव का दौरा किया था। वह एक स्वास्थ्य योजना के प्रचार के लिए इस गांव आए थे। हिलेरी क्लिंटन, जो अमेरिका की पहली महिला राष्ट्रपति उम्मीदवार हैं, बिल क्लिंटन की पत्नी हैं। ऐसे में जबरौली गांव के लोग हिलेरी की जीत की कामना कर रहे हैं।

अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, इस गांव के 64 साल के बुजुर्ग जगरूप नारायण खुश होते हुए कहते हैं, ‘बिल क्लिंटन के कारण ही हमारा गांव अब दुनियाभर में मशहूर हुआ है। हमारा छोटा सा गांव अब दुनिया भर में मशहूर है।’

इस गांव के लोगों को भरोसा है कि अगर हिलेरी क्लिंटन जीतती है तो वह जबरौली गांव का दौरा जरूर करेंगी। गांव के लोगों ने प्राचीन खादेश्वर महादेव मंदिर में हिलेरी की जीत के लिए पूजा-अर्चना की। पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति क्लिंटन जब जबरौली आए तो हजारों की संख्या में लोग उनके दीदार के लिए यहां जमा हुए थे। जबरौली के ग्राम प्रधान का कहना है, ‘बिल क्लिंटन जब गांव आने वाले थे तो पूरे इलाके में सफाई कराई गई थी। घर-घर में त्यौहार जैसे माहौल था।’

जबरौली गांव के लोगों का कहना है कि स्थानीय नेता उनकी मांगें नहीं सुनते हैं। गांव के लोग लंबे समय से स्टेडियम और स्कूल की मांग कर रहे हैं। अब उन्हें उम्मीद है कि अगर हिलेरी क्लिंटन राष्ट्रपति बनने के बाद उनके गांव का दौरा करती हैं तो उनकी मांगें पूरी होंगी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital