हार्दिक पटेल को कांग्रेस गठबंधन में शामिल होने का न्योता
नई दिल्ली। गुजरात में होने जा रहे विधानसभा चुनावो के मद्देनज़र कांग्रेस ने अपने इंतजामों को चाक चौबंद करना शुरू कर दिया है।
इस बीच कांग्रेस ने पाटीदार आरक्षण के लिए गुजरात में बड़ा आंदोलन छेड़ने वाले हार्दिक पटेल, ऊना काण्ड के बाद दलितों का चेहरा बनकर सामने आये जिग्नेश मेवानी और ठाकोर समाज के नेता अल्पेश ठाकोर को कांग्रेस गठबंधन में शामिल होने का न्यौता दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने कहा कि हमें हार्दिक पटेल की सभी शर्तें मंजूर है। सोलंकी ने कहा कि वे इस मामले में नई दिल्ली जाकर आलाकमान व कांग्रेस प्रभारी अशोक गहलोत से मुलाकात के बाद घोषणा करेंगे।
गुजरात में करीब 50 सीटों पर पाटीदार मतदाता हार जीत तय करने की भूमिका में हैं। वहीँ जिग्नेश मेवानी और अल्पेश ठाकोर को जुझारू चेहरों के तौर पर देखा जा रहा है। जानकारों के अनुसार यदि कांग्रेस हार्दिक पटेल के साथ किसी तरह का कोई गठबधन बना पाती है तो बीजेपी को बड़ी मुश्किलें पैदा हो जाएँगी।
हालाँकि मीडिया में हार्दिक पटेल को लेकर ऐसी ख़बरें आती रही हैं कि वे कांग्रेस के लिए प्रचार करने पर सहमत है। लेकिन हार्दिक पटेल खुद कई इंटरव्यू में इसका खंडन करते रहे हैं। फ़िलहाल सबकी निगाहें कांग्रेस की अगली घोषणा पर टिकी हैं।
गुजरात कांग्रेस सूत्रों की माने तो प्रदेश अध्यक्ष इस मामले में हार्दिक पटेल सहित सभी लोगों की राय ले चुके हैं। अब वे इस मामले को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गाँधी और प्रदेश के प्रभारी अशोक गहलौत के समक्ष रखेंगे।
