हार्दिक पटेल को आंशका “चुनाव से पहले बीजेपी जारी कर सकती है मेरी फर्जी सेक्स सीडी”
अहमदाबाद। पाटीदार आन्दोलन का नेतृत्व करने वाले और गुजरात में बीजेपी के लिए बड़ी चुनौती बने हार्दिक पटेल ने शंका ज़ाहिर की है कि चुनाव से ठीक पहले बीजेपी उनकी फर्जी सेक्स सीडी जारी कर उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर सकती है।
हार्दिक ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि मुझे बदनाम करने के लिए बीजेपी ने फर्जी सेक्स सीडी तैयार की है। इसे चुनाव से ठीक पहले जारी किया जाएगा। इससे ज्यादा बीजेपी से और क्या अपेक्षा की जा सकती है। इसलिए इंतजार करिए, देखिए और आनंद लीजिए।’
इससे पहले चुनाव आयोग के बेसिक टेस्ट में फेल हुईं वीवीपेट मशीनों का मामला उठाते हुए हार्दिक पटेल ने कहा कि ‘निर्वाचन आयोग की तरफ से पहले चरण की जांच में 3350 मतदाता पुष्टि पर्ची मशीन फेल हो गई। मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि भाजपा यह विधानसभा चुनाव अनुचित तरीकों से लड़ेगी।’
गौरतलब है कि गुजरात के मुख्य निर्वाचन आयुक्त बीबी स्वैन ने बुधवार को 3350 वीवीपीएटी मशीनों के खराब होने की जानकारी दी थी। राज्य में 9 और 14 दिसंबर को दो चरण में होने वाले चुनाव के लिए 70182 वीवीपीएटी मशीनों को ईवीएम से जोड़ा जाना है।
गुजरात में हार्दिक पटेल ने बीजेपी के खिलाफ एक बड़ा अभियान शुरू किया है। वे जगह जगह सभाएं करके बीजेपी को वोट न देने की अपील कर रहे हैं। एनडीटीवी से बात करते हुए हार्दिक पटेल ने कहा कि वे अपने समुदाय के लोगों से बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए वोट करने की अपील कर रहे हैं। लोग जानते हैं कि यदि बीजेपी को वोट नही देना तो किसे वोट देना है।
