हरियाणा और पंजाब में 72 घंटे तक इंटरनेट सेवा बंद, सिरसा में कर्फ्यू

हरियाणा और पंजाब में 72 घंटे तक इंटरनेट सेवा बंद, सिरसा में कर्फ्यू

चंडीगढ़। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ दायर यौन उत्पीड़न के मामले में फैसला आने से एक दिन सिरसा को छावनी में बदल दिया गया है, पंचकूला में तनाव है और हजारों की तादाद में डेरा समर्थक यहां पहुंच गए हैं।

पुलिस और प्रशासन का मानना है कि यदि इस मामले में अगर फैसला डेरा प्रमुख के खिलाफ आया तो कानून-व्यवस्था के लिए चुनौतीपूर्ण हालात हो सकते हैं। इसे देखते हुए पंजाब और हरियाणा के संवेदनशील इलाकों में 15000 अर्धसैनिक बलों समेत हजारों की संख्या में जवानों को तैनात किया गया है।

पंजाब और हरियाणा में डेरा सच्चा सौदा के काफी अनुयायी हैं और इसे देखते हुये दोनों राज्यों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। सिरसा में कर्फ्यू लगा दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों और उनकी संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में मोबाइल इंटरनेट सेवा पर अगले 72 घंटे तक रोक रहेगी और सोशल मीडिया पर पोस्ट की जाने वाली सामग्री पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने पंचकुला के लिए बस और रेल सेवा भी रोक दी है।

दिल्ली से पंजाब और हरियाणा जाने वाली 29 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है। बस सर्विस बंद है। हजारों मुसाफिर फंसे हैं और इंटरनेट बंद कर दिया गया है। स्कूल और सरकारी दफ्तरों में छुट्टी कर दी गई है।

डेरा प्रमुख के खिलाफ सीबीआई ने पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के निर्देश पर 2002 में यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज किया था। डेरा प्रमुख ने हालांकि इन आरोपों को खारिज किया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital