सोनिया- प्रियंका की मौजूदगी में राहुल गांधी ने अमेठी से भरा नामांकन

सोनिया- प्रियंका की मौजूदगी में राहुल गांधी ने अमेठी से भरा नामांकन

अमेठी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज अमेठी लोकसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के समय कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ उनकी मां और यूपीए चेयर पर्सन सोनिया गांधी और बहिन प्रियंका गांधी मौजूद थीं।

इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के साथ मुंशीगंज से रोड शो करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। रोड शो में यूपीए चेयर पर्सन सोनिया गांधी रथ पर सवार नहीं हुईं और वे कार से सीधे कलेक्ट्रेट पहुंची। रोड शो में रोबर्ट वाड्रा भी शामिल हुए।

इस बार राहुल गांधी अमेठी के अलावा केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। वैसे अमेठी गांधी परिवार का गढ़ रहा है। राहुल गांधी 2004 से अब तक लगातार सांसद हैं।

अमेठी सीट पर सबसे पहले संजय गांधी 1980 में सांसद बने। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी 1981 से 1991 तक सांसद रहे। राजीव गांधी की मृत्यु के बाद सोनिया गांधी 1991 से 2004 तक सांसद रहीं। बीच में गांधी परिवार के मित्र सतीश शर्मा 1991-1998 के बीच सांसद रहे। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि अमेठी सीट कांग्रेस का परम्परिक गढ़ रही है।

अमेठी लोकसभा सीट पर बीजेपी ने इस बार भी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को उम्मीदवार बनाया है। पिछले लोकसभा चुनाव में स्मृति ईरानी कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से करीब एक लाख से अधिक वोटों से पराजित हुईं थीं। इस बार उत्तर प्रदेश में बने सपा बसपा गठबंधन ने अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है। इसलिए इस सीट पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital