सोनिया ने इशारो में साधा निशाना: कहा ‘कुछ लोग चाहते हैं कि RSS भारत का प्रतीक बन जाए’

सोनिया ने इशारो में साधा निशाना: कहा ‘कुछ लोग चाहते हैं कि RSS भारत का प्रतीक बन जाए’

नई दिल्ली। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस ने देशभर में कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया है। दिल्ली में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी, बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पदयात्रा के समापन के बाद सोनिया गांधी ने राजघाट पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षो में जो कुछ हुआ यदि उसे बापू देखते तो बहुत दुखी होते। उन्होंने कहा कि भारत और गांधी पर्यायवाची हैं लेकिन कुछ लोग आरएसएस को देश का प्रतीक बनाना चाहते हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पांच साल में देश की हालत बिगड़ी है। उद्योग धंधे बंद हो रहे हैं, महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने बीजेपी का नाम लिए बिना कहा कि झूठ की राजनीति करने वालों को गांधी के अहिंसा के दर्शन की समझ नहीं हो सकती।

सोनिया गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी ने पूरी दुनिया को अहिंसा का रास्ता अपनाने की प्रेरणा दी। आज भारत जहां पहुंचा है वह गांधी के रास्ते पर चलकर पहुंचा है। सोनिया ने कहा कि गांधी का नाम लेना आसान है लेकिन उनके रास्ते पर चलना मुश्किल है।

सोनिया गांधी ने पीएम मोदी का नाम लिए बिना कहा कि सोनिया गांधी ने कहा, ”गांधी जी भारत का पर्याय हैं। मगर कुछ लोगों ने आजकल इसे उल्टा करने की ठान ली है। वह चाहते हैं कि आरएसएस भारत का पर्याय बन जाए। लेकिन ऐसा नहीं हो सकता।”

उन्होंने कहा कि “मैं ऐसे लोगों को बताना चाहती हूं कि हमारे देश की मिलीजुली संस्कृति और समाज गांधी जी की सर्वसमावेशी व्यवस्था के अलावा दूसरे के बारे में सोच नहीं सकता।”

उन्होंने कहा कि “जिन्हें सत्ता के लिए सब कुछ करना मंजूर है वह कैसे समझेंगे कि गांधीजी अहिंसा के प्रचारक थे। जिन्होंने लोकतंत्र की सारी शक्ति खुद की मुट्ठी में रखने की प्यास हो वह कैसे समझेंगे कि गांधीजी के स्वराज का क्या अर्थ है और जिन्हें मौका मिलते ही अपने को सर्वे सर्वा बनाने की इच्छा हो कैसे समझेंगे कि गांधीजी की निस्वार्थ सेवा का मूल्य क्या है।”

उन्होंने कहा कि गांधीजी भारत और उसके गाँवों को आत्मनिर्भर देखना चाहते थे। बापू के इस सपने को पूरा करने के लिए कांग्रेस ने नेहरू जी, शास्त्री जी, इंदिरा जी, राजीव जी, नरसिम्हा राव जी, मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में क्रांतिकारी कदम उठाए।

इससे पहले मंगलवार सुबह सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। बता दें कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस देशभर में कई बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया है। कई राज्यों में कांग्रेस ने आज पदयात्राये भी निकाली।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital