सीएम योगी आदित्यनाथ के हाथ से दसवीं के टॉपर को दिया गया चैक बाउंस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दसवी कक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त कर टॉप करने वाले छात्र को उस समय मायूसी हाथ लगी जब के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथो से उसे दिया गया चैक बाउंस हो गया है।
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के रहने वाले छात्र आलोक मिश्रा को हाईस्कूल में टॉप करने के लिए लखनऊ बुलाकर सम्मानित किये जाने के बाद उसे उत्तर प्रदेश के सीएम के हाथो एक लाख रुपये का चैक दिया गया था। जो बैंक से बाउंस हो गया।
चेक बाउंस की सूचना पर शासन ने डीआईओएस (DIOS) से रिपोर्ट मांगी है। वहीं चेक बाउंस होने के बाद अपनी गलती सुधारते हुए और बेइज्जती से बचने के लिए आनन फानन में डीआईओएस ने छात्र को कॉलेज बुलाकर दूसरा चेक दे दिया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छात्र को सम्मानित करने के लिए 29 मई को लखनऊ के लोहिया विश्विद्यालय में बुलाया था। सीएम योगी ने छात्र की सफलता को सराहते हुए उसे सम्मानित करते हुए एक लाख रुपए का चेक दिया था।
छात्र ने सीएम के हाथो मिले इस चेक को कैश कराने के लिए देना बैंक में अपना चेक जमा कराया लेकिन दो दिन बाद उसे मायूसी हाथ लगी। बैंक में पूछताछ पर पता चला कि चेक बाउंस हो गया है।
हालाँकि छात्र को बाद में दूसरा चैक जारी कर दिया गया है लेकिन प्रशासन यह बताने को तैयार नहीं कि छात्र को दिया गया चैक किन कारणों से बाउंस हुआ। वहीँ प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार चैक बाउंस होने के बाद नीचे से ऊपर तक अफरा तफरी मची है। हालाँकि सरकारी चैक बाउंस होना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी किसानो को मुआवजे में दिए गए कुछ चैक भी बाउंस हुए थे।
