साक्षी महाराज ने योगी पर बोला हमला: गोरखपुर की घटना को बताया नरसंहार

साक्षी महाराज ने योगी पर बोला हमला: गोरखपुर की घटना को बताया नरसंहार

कानपुर। उत्तर प्रदेश के उन्नाव से बीजेपी सांसद साक्षी महाराज ने गोरखपुर में बच्चो की मौत पर योगी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। साक्षी महाराज ने यहां तक कहा,’ ये नरसंहार जैसा ही है। इस नरसंहार में देश के भविष्य बनने वाले बच्चों की जान गई है। कौन जानता था कि ये बच्चे आगे चलकर क्या बनते।

उन्होंने कहा कि मैं योगी जी से मांग करता हूं, सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए, जो बच्चे मौत की नींद सो गए, हम उन्हें तो वापस नहीं ला सकते है, लेकिन जो उसके लिए दोषी है, उन्हें इसकी सजा जरूर मिलनी चाहिए।

साक्षी महाराज ने कहा कि अस्पताल को ऑक्सीजन की सप्लाई बंद करने का कारण बहुत छोटा सा है कि 60-65 लाख रूपए किसी के बाकी थे और उसने ऑक्सीजन बंद कर दी। जिसने ऑक्सीजन की सप्लाई बंद की, उसको भी जानकारी होगी, अगर ऑक्सीजन बंद होगा तो क्या हाल होगा।

साक्षी महाराज ने कहा कि मुझे टिप्पणी करने की आवश्यकता नहीं है। दो दिन पहले योगी जी गोरखपुर आए थे। ये उन्हीं के क्षेत्र का मामला है। योगी जी समझदार भी है, संवेदनशील भी है। अब जो बच्चे चले गए, उन्हें हम वापस तो नहीं ला सकते, लेकिन पूरा घटनाक्रम नरसंहार जैसा लगता है। मैं आप लोगों के जरिए उनसे निवेदन करुंगा, दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो, दोबारा यूपी में ऐसी घटना ना घटित हो।

साक्षी महाराज ने कहा, 1 और 2 मौतें सामान्य होती है। इतने लोग एक साथ सामान्य मौत से नहीं मरते है। ऑक्सीजन की सप्लाई बंद करने वाले को पता होगा अगर ऐसा कर दिया, तो क्या होगा।

गौरतलब है कि पांच दिन के भीतर गोरखपुर के बाबा राघवदास मेडिकल कॉलेज (बीआरडी) में ऑक्सीजन ना मिलने से 32 बच्चों सहित 48 लोगों की मौत होने से प्रदेश में हड़कंप मच गया है ।

TeamDigital