साक्षी महाराज के खिलाफ पुलिस में शिकायत

साक्षी महाराज के खिलाफ पुलिस में शिकायत

Sakshi

वाराणसी । नारी अपमान और अश्लीलता के आरोप में समाजवादी पार्टी की कैंट विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रीबू श्रीवास्तव ने भाजपा सांसद साक्षी महाराज के खिलाफ लंका थाने में तहरीर दी। शुक्रवार को सपा नेताओं के साथ थाने पहुंची रीबू ने एसओ लंका से मामले में कार्रवाई करने की मांग की। इस दौरान भाजपा सांसद विरोधी नारेबाजी भी हुई।

सपाइयों की नाराजगी हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो को लेकर थी। मैनपुरी में भाजपा कार्यकर्ता की पुलिस द्वारा पिटाई के मामले में साक्षी महाराज उसके घर गए थे। परिवार की चोटों का मुआयना करने के दौरान वीडियो में कुछ असहज स्थिति दर्शाई गई है। इस क्लिप के वायरल होते ही जगह-जगह साक्षी महाराज का विरोध शुरू हो गया। हालांकि उन्होंने नारी अपमान के आरोपों को सिरे से नकार दिया।

इसी प्रकरण में शुक्रवार की शाम सपा नेता और कैंट विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रीबू श्रीवास्तव, सत्यप्रकाश सोनकर सोनू समेत सपा के तमाम कार्यकर्ता लंका थाने पहुंचे। एसओ लंका संजीव मिश्र को रीबू श्रीवास्तव ने साक्षी महाराज के खिलाफ नारी अपमान के मामले में तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। एसओ लंका ने बताया कि तहरीर की जांच की जा रही है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital