सपा-बसपा ने वही किया जो बीजेपी चाहती थी: कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस का आरोप है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने वही किया है जो भारतीय जनता पार्टी चाहती थी। कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने सपा बसपा गठबंधन पर कहा कि ये दोनों पार्टियां बीजेपी के जाल में फंस चुकी हैं।
कांग्रेस प्रवक्ता आरपीएन सिंह ने कहा कि भाजपा चाहती थी कि उत्तर प्रदेश में धर्मनिरपेक्ष दल एकजुट नहीं हों ताकि वोटों का बंटवारा होने का फायदा उसे मिले तथा वह अपने इस प्रयास में सफल रही।
कांग्रेस प्रवक्ता सिंह ने कहा, ‘सपा-बसपा ने कांग्रेस को अलग रखकर वही किया जो भाजपा चाहती थी। ऐसा लगता है कि ये दोनों पार्टियां भाजपा के जाल में फंस गई।’
उन्होंने कहा कि हर जगह यही प्रयास हो रहा है कि भाजपा विरोधी दल एकजुट हों और यह सुनिश्चित किया जाए कि वोटों का बंटवारा नहीं हो तथा उत्तर प्रदेश में भी यही होना चाहिए था।
गौरतलब है कि सपा और बसपा ने लोकसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन से कांग्रेस को अलग रखा है, हालांकि दोनों ने रायबरेली और अमेठी की सीटें उसके लिए छोड़ दी हैं। सपा और बसपा ने यूपी की 80 लोकसभा सीटों में 38-38 पर चुनाव लड़ेने का फैसला किया है। इसके अलावा उन्होंने दो सीटें छोटे दलों के लिए छोड़ दी हैं।
वहीँ सपा-बसपा के गठबंधन के बाद कांग्रेस ने यूपी में सभी 80 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया। हालांकि, कांग्रेस ने कहा कि वह उन सभी दलों का सम्मान और स्वागत करती है जो भाजपा को हराने के लिए उनके साथ आना चाहते हैं।