संसद में गूँजे नारे ‘देश चौकीदार कहाँ गया -सो गया, सो गया’

संसद में गूँजे नारे ‘देश चौकीदार कहाँ गया -सो गया, सो गया’

नई दिल्ली। बजट सत्र के दूसरे चरण के दूसरे दिन भी संसद की कार्यवाही ठप्प रही। पीएनबी स्कैम पर प्रधानमंत्री से बयान की मांग कर रहे कांग्रेस तथा विपक्ष के सदस्यों ने लोकसभा और राज्य सभा में जमकर हंगामा काटा।

इस हंगामे के दौरान विपक्ष ने पीएम मोदी पर तंज वाले नारे लगाए ‘देश का चौकीदार कहाँ गया -सो गया सो गया’। विपक्ष के हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही पहले दोपहल 12 बजे तक फिर दिन भर के लिए स्थगित कर दी गई।

वहीं, राज्यसभा में दोपहर 12 बजे के बाद कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही हुई, लेकिन कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के बाद राज्यसभा भी पूरे दिन के लिए स्थगित हो गई।

पीएनबी स्कैम को लेकर कांग्रेस के सदस्यों ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने नेतृत्व में हाथो में तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।

राज्य सभा में हंगामे के बीच उप सभापति वेंकैया नायडू ने कहा कि वे सदन में विपक्ष द्वारा किये जा रहे हंगामे से खुश नहीं हैं। इससे पहले पीएनबी घोटाला मामले, कावेरी प्रबंधन बोर्ड के गठन और आंध्र प्रदेश को विशेष पैकेज देने की मांग के मुद्दे पर राज्यसभा में आज कांग्रेस सहित अन्य दलों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

सदन की कार्यवाही शुरू होने की कुछ ही मिनट बाद कई विपक्षी दलों के सदस्यों ने इन मुद्दों पर हंगामा शुरू कर दिया. स्पीकर वेंकैया नायडू ने नारेबाजी कर रहे सदस्यों से कार्यसंचालन संबंधी नियमों का हवाला देते हुये सदन में तख्तियां लेकर नारेबाजी नहीं करने और सदन की गरिमा बरकरार रखने का अनुरोध किया।

हंगामा कर रहे सदस्यों के नहीं मानने पर उन्होंने कुछ ही मिनट के भीतर सदन की कार्यवाही को लगभग 25 मिनट के लिये स्थगित कर दिया, नायडू ने सदन में इन मुद्दों पर दो दिन से गतिरोध बरकरार होने का हवाला देते हुये सभी प्रमुख दलों के नेताओं को गतिरोध दूर करने का रास्ता निकालने के लिए सभापति कार्यालय में बुलाया।

TeamDigital