शीला दीक्षित होंगी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार
नई दिल्ली । देश के सबसे बड़े राज्य उत्तरप्रदेश में वरिष्ठ नेता और दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित कर कांग्रेस ने बड़ा दांव खेला हैं। अपने इस कदम के पीछे पार्टी की मंशा 78 वर्षीय शीला के सियासी अनुभव का फायदा उठाने के साथ-साथ राज्य के ब्राह्मण वोटों को भी अपने पक्ष में करने की जुगत बैठाई है।
ब्राह्मणों को अब तक परंपरागत रूप से बीजेपी का वोटबैंक माना जाता हैं। शीला को सीएम प्रत्याशी के रूप में पेश कर कांग्रेस ने सियासत की एक बेहद अनुभवी नेता के साथ राज्य की ही किसी शख्सियत को अपने चेहरे के रूप पेश किया है।
ज्यादा लोगों को शायद जानकारी नहीं होगी कि शीला का यूपी से गहरा संबंध रहा है। शीला का विवाह स्वाधीनता सेनानी तथा केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य रह चुके उमा शंकर दीक्षित के परिवार में हुआ था। यही नहीं, उनके पति स्व. विनोद दीक्षित भारतीय प्रशासनिक सेवा के सदस्य रहे थे। इस लिहाज से शीला यूपी की बहू हुईं।
31 मार्च 1968 को जन्मी शीला की प्रारंभिक शिक्षा दिल्ली के कान्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल से ली। बाद में स्नातक और कला स्नातकोत्तर की शिक्षा मिरांडा हाउस कॉलेज से हासिल की।
शीला वर्ष 1998 से 2013 तक तीन कार्यकाल में दिल्ली के मुख्यमंत्री का पद संभाल चुकी हैं। दिल्ली में मेट्रो और फ्लाईओवर को लंबा जाल उन्हीं के कार्यकाल की देन माना जाता हैं। दिल्ली में सीएम पद संभालने के पहले वे केंद्र सरकार में भी मंत्री के तौर पर सेवाएं दे चुकी हैं। 1984 से 1989 तक में वे यूपी के कन्नौज से सांसद भी रह चुकी हैं।