शिवसेना का हमला: गुजरात की तरह कर्नाटक में भी राहुल ने उड़ाई बीजेपी की नींद

शिवसेना का हमला: गुजरात की तरह कर्नाटक में भी राहुल ने उड़ाई बीजेपी की नींद

मुंबई। शिवसेना के मुखपत्र सामना के सम्पादकीय में कहा गया है कि ‘कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में बीजेपी परिवार की नींद उड़ा दी। ऐसा लग रहा है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में यही होने वाला है। राहुल गांधी गुजरात में कई मंदिरों में गए थे और वहां पर पूजा अर्चना की।’

सामना में कहा गया, उस समय बीजेपी ने उनकी तीखी आलोचना की क्योंकि वह चिंतित हो गये कि अगर कांग्रेस नेता हिंदुत्व को अपनाने लगे तो उनका क्या होगा।

मुखपत्र में दावा किया गया कि कर्नाटक के आगामी चुनावों में कांग्रेस बीजेपी को उसी तरह घेरेगी जैसा उसने गुजरात चुनावों के पहले पिछले साल ‘नरम हिंदुत्व’ को अपनाकर किया।

मुखपत्र के अनुसार कांग्रेस ने तुरंत ही स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा था कि मंदिर जाने के पहले राहुल गांधी ने शाकाहारी भोजन किया था, ऐसे में यह पूरा प्रकरण यही दिखाता है कि चुनाव प्रचार कितने ‘निम्न’ स्तर को छू चुका है। शिवसेना ने कहा, ‘चुनाव प्रचार के दौरान ऐसे मुद्दों पर चर्चा करना बीमार मानसिकता का संकेत है।’

पार्टी ने कहा, ‘हर धार्मिक स्थान की अपनी रूढ़ी और परंपरा होती है। महाराष्ट्र में ऐसे मंदिर हैं जहां भगवान को मांसाहारी नैवैद्य चढ़ाया जाता है। चुनाव प्रचार में ऐसे मुद्दे उठाना बिगड़ी हुई मानसिकता को दिखाता है।’ पार्टी ने कहा कि केवल उन्हें ही पता है कि राहुल गांधी की थाली में वहां क्या था लेकिन, हम आश्वस्त हैं कि इससे बीजेपी घबरा गयी है।

सामना में कहा गया, ‘पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी शाकाहारी थीं या मासांहारी? इस विवाद में पड़ने की बजाए उन्होंने पाकिस्तान के दो टुकड़े किये, यह महत्वपूर्ण है।’ सामना में कहा गया ‘शाकाहार तथा धर्मप्रेमी येदियुरप्पा ने अपने मुख्यमंत्री पद के कार्यकाल में सीमा क्षेत्र के मराठी भाषियों का खून बहाया सिर फोड़ा। यह हिंसाचार और तानाशाही मतलब, मांसाहार ही था।’

गौरतलब है कि कर्नाटक के बीजेपी प्रमुख बी एस येदियुरप्पा ने राहुल गांधी पर मांसाहार खाने के बाद मंदिर जाने की टिप्पणी की थी।

TeamDigital