शाइनिंग इंडिया जैसा होगा ‘अच्छे दिन’ का हाल : सोनिया गांधी
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कहा है कि मोदी सरकार के अच्छे दिनों का हाल भी वाजपेयी सरकार के शाइनिंग इंडिया जैसा होगा। सोनिया गांधी ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में कहा कि 2019 में चुनाव में कई अहम मुद्दे रहेंगे।
सोनिया गांधी ने कहा कि 2014 के चुनाव में बीजेपी ने कई बेहद शानदार वादे किए थे, लेकिन उसका हकीकत में क्या हुआ? उनके वादों का क्या हुआ। 15 लाख देने का वादा किया था, लोग बेहद निराश हैं। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि बीजेपी के ‘अच्छे दिन’ के नारे की हालत भी ‘शाइनिंग इंडिया’ जैसी हो जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सलाह दिए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें सलाह देने के लिए उनके आसपास काफी लोग हैं। फिलहाल वो प्रधानमंत्री हैं और वह उन्हें सलाह नहीं दे सकतीं।
बता दें कि 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई में एनडीए सरकार ने ‘शाइनिंग इंडिया’ का नारा दिया था और इसी के सहारे वह उस समय आम चुनाव में उतरी थी, लेकिन उसे करारी हार मिली थी।
सोनिया गांधी ने कहा कि वह देश से पूछना चाहती हैं कि क्या मई 2014 से पहले देश में एक ब्लैकहोल था और सिर्फ इस तारीख के बाद ही देश ने सबकुछ किया है।
देश के मौजूदा हालातो पर सोनिया गांधी ने कहा कि सरकार की तरफ से दिए जा रहे बयान जानबूझ कर दिए जा रहे हैं और इसके गलत परिणाम हमारे सामने होंगे।
उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में खुद के विषय में सोचने पर भी हमला किया जा रहा है। धार्मिक तनाव बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। दलितों और महिलाओं पर सुनियोजित हमला किया जा रहा है। ऐसी स्थिति में उस भारत का क्या हुआ जो हम बनाना चाहते थे।
