शर्मनाक: झारखंड में भूख से एक और महिला की मौत
रांची। झारखंड में भूख से एक और महिला की मौत का मामला सामने आया है। धनबाद से सटे लोयबाद में सारथी महताइन नामक एक महिला की भूख से मौत हो गई।
मृतक महिला के पास सरकारी राशन पाने के लिए राशन कार्ड तो था, लेकिन उसे राशन 3 किलोमीटर दूर मिलता था। महिला ने अपना राशन कार्ड स्थानीय डीलर के पास ट्रांसफर करने की मांग की थी। लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बुजुर्ग महिला बांसजोड़ा नंबर 12 में रहती थी। इस महिला ने आशा नाम की एक लड़की गोद ले रखा था, जिसके साथ वह रहती थी। इसके अलावा उसका इस दुनिया में कोई नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार महिला जबतक स्वस्थ रही राशन लाकर किसी तरह से अपना गुजारा कर रही थी, लेकिन चार महीने पहले वह बीमार पड़ गई। इसके बाद महिला ना तो काम कर पा रही थी, और ना ही 3 किलोमीटर दूर जाने की हिम्मत उसके अंदर बची थी।
बता दें कि डीलर के यहां अंगूठे का निशान लगाने के बाद ही लाभुकों को अनाज मिलता है। बीमार महिला चार महीने से इस हालत का सामना कर रही थी। महिला की बेटी दूसरों के यहां मजदूरी कर किसी तरह गुजर-बसर कर रही थी। लेकिन उसकी मजदूरी दो लोगों का पेट भरने के लिए काफी नहीं हुई।
महिला की मौत के बाद थानेदार अमित कुमार गुप्ता, पार्षद महाबीर पासी महिला के घर पहुंचे। पड़ोसियों ने चंदा कर वृद्ध महिला का अंतिम संस्कार किया। महिला की मौत के बाद उसकी बेटी अकेली रह गई है। पुलिस लड़की की देखभाल के लिए उसे चाइल्ड हेल्पलाइन में भेज रही है।