शर्मनाक: अज्ञात लोगों ने महात्मा गांधी की मूर्ति में लगाई आग

मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना में एक शर्मनाक घटना सामने आयी है। यहाँ जौरा गांधी पार्क में कुछ शरारती तत्वों ने वहां मौजूद महात्मा गांधी की मूर्ति को आग लगा दी। यह घटना उस दिन हुई जिस दिन देश में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी और सरदार बल्लभ भाई पटेल का स्मरण किया जा रहा था।
अभी तक इस घटना में शामिल लोगों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने घटना की शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार महात्मा गांधी की प्रतिमा को आग लगाने की घटना को देर रात या सुबह तड़के अंजाम दिया गया होगा। वहीँ पुलिस इस मामले में अभी खाली हाथ है।
हालाँकि यह पहली घटना नहीं है। वर्ष 2014 के बाद कई ऐसी घटनाएं हुईं जिनमे महात्मा गांधी की प्रतिमाओं से छेड़छाड़ करने की कोशिश की गयी। गौरतलब है कि इससे पहले गुजरात में कुछ अज्ञात लोगों ने महात्मा गाँधी की प्रतिमा से चश्मा चुरा लिया था।
इतना ही नहीं यूपी के मुरादाबाद में महात्मा गांधी की मूर्ति को किसी शख्स ने समाजवादी पार्टी की टोपी और गले में दुपट्टा पहना दिया था और उनका चश्मा निकाल लिया था।