शत्रुघ्न सिन्हा ने शायराना अंदाज़ में साधा निशाना: मुझे रहजनों से गिला नहीं, तेरी रहबरी का सवाल है
नई दिल्ली। बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर पीएनबी स्कैम को लेकर पीएम मोदी पर बिना नाम लिए निशाना साधा है। शत्रुघ्न सिन्हा ने इस बार शायराना अंदाज़ में लिखा कि मुझे रहजनों से गिला नहीं, तेरी रहबरी का सवाल है।
ट्विटर पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘पीएनबी स्कैम के लिए हमारे ज्ञानी लोग पहले नेहरू से लेकर कांग्रेस की कुशासन पर दोष मढ़ने के बाद अब ऑडिटर्स पर दोष मढ़ रहे हैं… भगवान का शुक्र है उन्होंने चपरासी को तो छोड़ दिया।’
शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा कि सवाल यह है कि पीएनबी का असल मालिक होने के नाते सरकार पिछले उन छह में से चार वर्षों के दौरान सरकार क्या कर रही थी। उन्होंने कहा कि ‘क्या सर आपके पास इन सवालों का जवाब है? बड़े अदब के साथ कहना चाहूंगा कि एक कहावत है, ‘ताली कप्तान को तो गाली भी कप्तान को।’
एक अन्य ट्वीट में शॉटगन ने कुछ शायरी के जरिये सरकार से सवाल किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘तू इधर-उधर की न बात कर, ये बता कि काफिला क्यों लुटा… मुझे रहजनों से गिला नहीं, तेरी रहबरी का सवाल है।’
इससे पहले शत्रुघ्न सिन्हा ने रविवार को ट्वीट किया, ‘प्रिय श्रीमान बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को आपके दो घंटे के संबोधन में, जिसे सुनने को उन्हें मजबूर किया गया, आपने वही चीजें कहीं जो मैंने पहले पटना में मगध महिला कॉलेज में कही थीं।’
