शत्रुघ्न सिन्हा ने फिर दिखाया आइना, कहा ‘गुजरात चुनावों को लेकर बीजेपी में दिख रही घबराहट’
नई दिल्ली। बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर बीजेपी पर निशाना साधा है। गुजरात चुनाव में पार्टी द्वारा उतारी गयी केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों की फ़ौज पर चुटकी लेते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि गुजरात में बीजेपी की मायूसी साफ दिख रही है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का चुनावी प्रचार निराशाजनक दिख रहा है। बीजेपी ने गुजरात विधानसभा चुनावों में प्रचार के लिए 20 केंद्रीय मंत्रियों और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ समेत 6 मुख्यमंत्रियों को उतारा है।
ट्विटर पर अपने ट्वीट में शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि ”अपने ही गढ़ गुजरात में एक ही समय पर इतने सारे नेताओं को उतारना, जैसा हमने दिल्ली में किया था, क्या यह डर और मायूसी को नहीं दिखाता? आम तौर पर इस तरह की रणनीति काम नहीं करती। यह हम दिल्ली और बिहार में देख चुके हैं।
गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा कई मुद्दों पर पार्टी लाइन से अलग राय रखते रहे हैं। यही कारण है कि वे पार्टी के रडार पर आ गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बीजेपी शत्रुघ्न सिन्हा और यशवंत सिन्हा पर कार्रवाही करने का मन बना चुकी है।
इससे पहले पार्टी ने सांसद कीर्ति आज़ाद पर कार्रवाही करते हुए उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। एक बड़े संजोग की बात यह भी है कि कीर्ति आज़ाद, शत्रुघ्न सिन्हा और यशवंत सिन्हा तीनो बिहार से ही आते हैं।
