वीडियो : उत्तर प्रदेश विधानसभा में भारी हंगामा, राज्यपाल की तरफ उछाले गए कागज के टुकड़े

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के पहले ही दिन आज राज्यपाल राम नाइक ने जैसे ही बोलना शुरू किया विपक्ष के सदस्यों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया। शुरुआत टोकाटाकी से हुई और बाद में विपक्षी सदस्यों ने राज्यपाल राम नाइक की तरफ कागज के टुकड़े और कागज की बॉल बनाकर फेंकी।

यह हंगामा तब हुआ जब उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक राज्य विधान मण्डल के संयुक्त सत्र को सम्बोधित कर रहे थे। इतना ही नहीं विपक्षी विधायकों ने सदन में सीटियां भी बजायीं और प्रदर्शन कर रहे विधायक मेज पर भी चढ़ गए।। दरअसल विपक्ष उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर विरोध कर रहा था।

जिस कानून व्यवस्था को चुनावी मुद्दा बना कर बीजेपी ने उत्तर प्रदेश की सत्ता को हासिल किया। उसी व्यवस्था को मुद्दा बनाकर विपक्ष ने सदन में हंगामा कर दिया।

पहली बार दूरदर्शन से उत्तर प्रदेश राज्य विधान मण्डल के संयुक्त सत्र का सीधा प्रसारण किया गया। राज्यपाल राम नाइक ने हंगामे और नारेबाजी के दौरान ही अपना संबोधन पूरा किया।

विपक्ष के हंगामे पर यूपी कैबिनेट के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि हम आशा करते हैं कि विपक्ष अपनी सकारात्मक भूमिका निभाएगा। सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर विपक्ष को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital