विश्व हिन्दू परिषद नेता प्रवीण तोगड़िया लापता, समर्थको ने जताई गिरफ्तारी की आशंका

विश्व हिन्दू परिषद नेता प्रवीण तोगड़िया लापता, समर्थको ने जताई गिरफ्तारी की आशंका

नई दिल्ली। विश्व हिन्दू परिषद के अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया सुबह दस बजे से लापता बताये जाते हैं। विश्व हिन्दू परिषद कार्यकर्ताओं ने प्रवीण तोगड़िया के लापता होने का दावा करते हुए आरोप लगाया है कि तोगड़िया को राजस्थान पुलिस ने हिरासत में लेकर गायब कर दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार राजस्थान पुलिस ने वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया को हिरासत में लिए जाने की बात से इंकार किया है। वहीँ तोगड़िया के बारे में जानकारी न मिलने से नाराज़ समर्थको ने सोला थाने का घेराव किया, नारे लगाये और गांधीनगर जाने वाले राजमार्ग पर यातायात रोक कर पुलिस से तत्काल तोगड़िया का पता लगाने की मांग की।

बताया जाता है कि वीएचपी नेता प्रवीण तोगड़िया को सुरक्षा मिली हुई थी। ऐसे में सवाल उठाये जा रहे हैं कि उनकी सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मी आखिर कहाँ हैं। वहीँ यह भी चर्चा में है कि प्रवीण तोगड़िया इस समय राजस्थान पुलिस कोई हिरासत में है।

विहिप की गुजरात इकाई के महासचिव रणछोड़ भारवाड ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारे अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया आज सुबह 10 बजे से लापता हैं। उनके अता-पता की जानकारी रखने और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी प्रशासन की है।’’ उन्होंने कहा कि इस बात की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है कि तोगड़िया को गिरफ्तार किया गया है या नहीं। हालांकि भाजपा प्रवक्ता जय शाह ने दावा किया कि राजस्थान पुलिस ने तोगड़िया को एक पुराने मामले में हिरासत में लिया है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘हमारे नेता प्रवीण तोगड़िया को एक पुराने मामले में राजस्थान पुलिस ने शहर के पालदी इलाके में विहिप के प्रदेश मुख्यालय से हिरासत में लिया है और अपने साथ ले गई है।’’ हालांकि राजस्थान पुलिस ने तोगड़िया को हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने की बात से इनकार किया है।

भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आलोक कुमार वशिष्ठ ने कहा, ‘‘हमारी टीम ने तोगड़िया को गिरफ्तार नहीं किया है। मेरी सूचना के मुताबिक गंगापुर (राजस्थान) का पुलिस दल गिरफ्तारी वारंट की तामील किए बिना लौट रहा है क्योंकि तोगड़िया अहमदाबाद में नहीं मिले। यह अफवाह है कि तोगड़िया हमारी हिरासत में हैं जो बिल्कुल भी सही नहीं है।’’

गंगापुर राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में है और राज्य पुलिस की भरतपुर रेंज के अधिकार क्षेत्र में आता है। सोला पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि राजस्थान पुलिस ने तोगड़िया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट की तामील कराने में उनकी मदद मांगी थी लेकिन वह नहीं मिले।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital