विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने हरियाणा में किया बड़ा बदलाव, कुमार शैलजा को मिली कमान

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने हरियाणा में किया बड़ा बदलाव, कुमार शैलजा को मिली कमान

नई दिल्ली। हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नयुक्त किया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी गुलामनबी आज़ाद ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।

इससे पहले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा हाल ही में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि हरियाणा में जल्द ही कांग्रेस कोई बड़ा बदलाव करेगी।

दरअसल हरियाणा के तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच काफी समय से चल रहे टकराव के कारण राज्य में पार्टी दो गुंटो में बंट चुकी थी। कई बार हुड्डा और तंवर के समर्थको के बीच सार्वजनिक तौर पर टकराव होने की ख़बरें भी सामने आयीं।

अभी हाल ही में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रोहतक में महापरिवर्तन रैली का आयोजन कर अपने इरादे पार्टी आलाकमान को बता दिए थे। रैली के बाद कयास लगाए जा रहे थे कि हुड्डा अपनी नई पार्टी बना सकते हैं लेकिन बाद में हुड्डा और सोनिया गांधी की मुलाकात के बाद हुड्डा के तेवर नरम दिखाई दिए।

माना जा रहा था कि प्रदेश अध्यक्ष पद से अशोक तंवर को हटाए जाने के आश्वासन के बाद ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नई पार्टी बनाने के अपने इरादे को विराम लगा दिया था। अब पार्टी आलाकमान ने राज्य में कांग्रेस की बागडोर पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमार शैलजा को सौंपी है। कुमारी शैलजा पार्टी का दलित चेहरा हैं। वे अंबाला और सिरसा दोनों जगह से लोकसभा की सांसद रही हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital