विधानसभा चुनाव: एक्शन में आये राहुल, राज्यों के नेताओं के साथ करेंगे बैठक

विधानसभा चुनाव: एक्शन में आये राहुल, राज्यों के नेताओं के साथ करेंगे बैठक

नई दिल्ली। इस वर्ष महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा में होने जा रहे विधानसभा चुनावो की तैयारियों के मद्देनज़र कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य कांग्रेस के नेताओं को मुलाक़ात का समय दे दिया है।

वहीँ अगले वर्ष के शुरू में दिल्ली में होने वाले विधानसभा चुनावो को ध्यान में रखकर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को भी बुलाया गया है। जिन प्रदेशो में जल्द चुनाव होने जा रहे हैं वहां के संगठन और प्रदेश के नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा के लिए प्रदेश के चुनिंदा नेता कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से चर्चा करेंगे।

कार्यक्रम के मुताबिक 26 जून को महाराष्ट्र, 27 को हरियाणा और 28 को झारखंड के नेताओं के साथ राहुल की मुलाकात होनी है। इसके अलावा 29 जून को राहुल गांधी दिल्ली के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

माना जा रहा है कि हरियाणा, झारखंड में कांग्रेस नेतृत्व को लेकर भी राहुल गांधी जल्द फैसला ले सकते हैं। हरियाणा में प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समर्थको के बीच चल रही खींचतान का मामला भी राहुल गांधी तक पहुँच चूका है। वहीँ झारखंड में प्रदेश कांग्रेस के कुछ पदाधिकारी प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन की मांग कर रहे हैं।

ऐसे में माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव से पहले राज्यों में चल रही गुटबंदी पर अंकुश लगाने के लिए राहुल गांधी नेताओं के बीच परस्पर सुलह या नेतृत्व परिवर्तन जैसे आवश्यक कदम उठा सकते हैं।

वहीँ दिल्ली में कांग्रेस ने हाल ही में शीला दीक्षित को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी है। इसलिए माना जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव शीला दीक्षित के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital