लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में वरुण गांधी की घर वापसी के कयास

नई दिल्ली। बीजेपी सांसद वरुण गांधी लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। ई नायडू की एक रिपोर्ट के अनुसार कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनते ही वरुण गांधी कांग्रेस में शामिल हो जायेंगे।
हालाँकि इस तरह की अफवाह पहले भी उड़ चुकी है लेकिन रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वरुण गांधी जल्द ही कांग्रेस में अपनी घर वापसी करेंगे।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि बीजेपी सांसद वरुण गांधी अपनी बहिन प्रियंका के सम्पर्क में हैं और उन्हें कांग्रेस में शामिल होने का निमंत्रण मिल चूका है। रिपोर्ट में कांग्रेस सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि वरुण गांधी को कांग्रेस में अहम ज़िम्मेदारी दी जायेगी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि वरुण गांधी के गांधी परिवार में सभी से मधुर रिश्ते हैं। वहीँ वह बहिन प्रियंका के सम्पर्क में लगातार बने रहते हैं। रिपोर्ट के अनुसार वरुण गांधी जानते हैं कि नरेंद्र मोदी और अमित शाह के रहते उनका बीजेपी में कोई भविष्य नहीं हैं।
रिपोर्ट के अनुसार वरुण गांधी को बीजेपी में पूरी तरह हाशिये पर धकेल दिया गया है। जब तक राजनाथ सिंह बीजेपी के अध्यक्ष थे तब तक वरुण गांधी की बीजेपी में सम्मानजनक स्थति थी। उन्हें न सिर्फ पार्टी में महासचिव बनाया गया बल्कि उन्हें पश्चिम बंगाल का प्रभार भी सौंपा गया। लेकिन अमित शाह के अध्यक्ष पद संभालने के बाद वरुण गांधी से सभी ज़िम्मेदारियाँ वापस ले ली गयीं।
गौरतलब है कि वरुण गांधी कई मौको पर पार्टी लाइन से अलग हटकर अपनी राय रखते रहे हैं। रोहिंग्या मुसलमानो के मुद्दे पर अभी हाल ही में उन्होंने पार्टी और सरकार से अलग राय रखकर बीजेपी को एक बड़ा झटका दिया था।
वरुण गांधी की छवि स्पष्ट कहने वाले नेताओं में से हैं। वे किसी भी मुद्दे पर अपनी बेवाक राय रखते हैं। वहीँ कई मौको पर वे आमंत्रित किये जाने के बावजूद भी आरएसएस के कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुए हैं। यही बड़ा कारण भी है कि अमित शाह के बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद संघ से दूरी बनाये रखने के कारण उन्हें पार्टी या सरकार में कोई अहम ज़िम्मेदारी नहीं दी गयी है।