लोकसभा चुनाव: पश्चिम बंगाल-त्रिपुरा में 80 फीसदी से ज्यादा मतदान
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में आज देश की 91 लोकसभा सीटों पर मतदान का काम सम्पन्न हो गया। पश्चिम बंगाल 81 फीसदी और त्रिपुरा में सर्वाधिक 81.6 फीसदी मतदान हुआ है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 63.69 फीसदी, बिहार में 50 फीसदी, महाराष्ट्र में 56 फीसदी, तेलंगाना में 60.57 फीसदी, ओडिशा में 68 फीसदी, मेघालय में 67.16 फीसदी, मणिपुर में 78.20 फीसदी, लक्षद्वीप में 66 फीसदी, और असम में 68 फीसदी वोटिंग हुई।
ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतों पर चुनाव आयोग ने कहा कि कुछ शिकायतें आईं जहां ईवीएम में खराबी आई। इनमें आंध्र प्रदेश से 6, अरुणाचल प्रदेश से 5, बिहार में 1, मणिपुर में 2 और पश्चिम बंगाल में 1 ईवीएम शामिल हैं। ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायत के साथ चुनाव आयोग को पत्र भी लिखा।
पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के कई दिग्गज नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। आज केंद्रीय मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वीके सिंह, नितिन गडकरी, हंसराज अहीर, किरण रिजीजू, कांग्रेस की रेणुका चौधरी, एआईएमआईएम के असदुद्दीन ओवैसी जैसे नेताओं की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई।
वहीं रालोद के अजित सिंह का मुकाबला उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर सीट पर भाजपा के संजीव बालियान से है, जबकि उनके बेटे जयंत चौधरी बागपत सीट पर केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह को चुनौती दे रहे हैं। लोजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के सांसद पुत्र चिराग पासवान बिहार में जमुई सीट से मैदान में हैं।
