लोकसभा चुनाव को लेकर राहुल, प्रियंका के बीच हुई बैठक, ज्योतिरादित्य भी थे मौजूद

लोकसभा चुनाव को लेकर राहुल, प्रियंका के बीच हुई बैठक, ज्योतिरादित्य भी थे मौजूद

नई दिल्ली। नव न्युक्त कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी ने अपने भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की है। इस अवसर पर राहुल गांधी के आवास पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया और कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल भी मौजूद थे।

माना जा रहा है कि पार्टी महासचिव का पदभार ग्रहण करने से पहले प्रियंका और राहुल के बीच देश की मौजूदा राजनीति को लेकर गहन चर्चा हुई। वहीँ इस बैठक में कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया और केसी वेणुगोपाल की मौजूदगी के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बैठक में यूपी को लेकर विशेष तौर पर चर्चा हुई।

गौरतलब है कि प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश और ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कांग्रेस में जान फूंकने के उद्देश्य से इसी महीने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की कई सभाएं आयोजित की जानी है।

वहीँ पार्टी सूत्रों की माने तो बजट सत्र के बाद प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने अपने प्रभार वाले क्षेत्रो का ताबड़तोड़ दौरा कर संगठन की नब्ज़ टटोलेंगे। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के उत्तर प्रदेश दौरे से पहले प्रियंका और सिंधिया अपने अपने क्षेत्रो में संगठन के नट बोल्ट कसकर उसे खड़ा करेंगे।

सूत्रों ने कहा कि उत्तर प्रदेश को दो भागो में विभाजित किया गया है। इसमें प्रदेश के 18 मंडलो में से 9 मंडल प्रियंका गांधी और 9 मंडल ज्योतिरादित्य सिंधिया को दिए गए हैं। इनमे प्रियंका गांधी 42 लोकसभाओं का कामकाज देखेंगी वहीँ सिंधिया 38 लोकसभाओं का कामकाज देखेंगे।

 

राहुल ने 7 फरवरी को बुलाई अहम बैठक:

लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने 7 फरवरी को एक अहम बैठक बुलाई है। इस बैठक में उन्होंने पार्टी के महासचिव और राज्य प्रभारियों को बुलाया है। वहीं, 9 फरवरी को वह स्टेट कांग्रेस कमिटियों के अध्यक्षों से मिलेंगे। बैठक में आम चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital