लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने की राज्यों की समितियां गठित

लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने की राज्यों की समितियां गठित

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस इस बार बदली हुई रणनीति से काम कर रही है। इस बार कांग्रेस प्रत्येक राज्य के लिए अलग समिति बना रही है, जिससे एक समिति एक राज्य के चुनाव का प्रभार सक्रियता से देख सके।

कांग्रेस ने गुरुवार को कर्नाटक, तेलंगाना, असम और छत्तीसगढ़ के लिए समन्वय समिति, प्रदेश चुनाव समिति, चुनाव प्रचार समिति और कुछ अन्य समितियों का गठन किया है। इनमें इन प्रांतों से जुड़े तकरीबन सभी वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इन समितियों के गठन को स्वीकृति प्रदान की। कर्नाटक के लिए 63 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति बनाई गई है जिसमें मल्लिकार्जुन खड़गे और सिद्धरमैया जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं।

वहीँ तेलंगाना के लिए 37 सदस्यीय समन्वय समिति, 21 सदस्यीय चुनाव समिति, 42 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति, 41 सदस्यीय प्रचार समिति और पांच सदस्यीय मीडिया समन्वय समिति बनाई गई है।

पार्टी ने असम के लिए 35 सदस्यीय समन्वय समिति, 21 सदस्यीय चुनाव समिति, 20 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति, 16 सदस्यीय प्रचार समिति, 35 सदस्यीय मीडिया समन्वय समिति और 48 सदस्यीय घोषणपत्र समिति बनाई है।

पार्टी ने छतीसगढ़ के लिए नौ सदस्यीय मीडिया समन्वय समिति और पांच सदस्यीय चुनाव प्रबंधन टीम बनायी है। कुछ राज्यों के लिए सोशल मीडिया समन्वयक भी बनाये गए हैं।

TeamDigital