लाइव चुनाव परिणाम: बीजेपी पिछड़ी, विपक्ष ने दिखाया दमखम
नई दिल्ली। देश की चार लोकसभा और दस विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव तथा कर्नाटक की एक सीट पर हुए विधानसभा चुनाव के लिए आ रहे रुझानों में विपक्ष भारी सफलता की तरफ बढ़ रहा है वहीँ बीजेपी को धक्का लगा है
शुरूआती रुझानों के अनुसार उत्तर प्रदेश की कैराना लोकसभा सीट पर राष्ट्रीय लोकदल उम्मीदवार तबस्सुम हसन जीत की तरफ बढ़ रही हैं। ताजा रुझानो के अनुसार रालोद उम्मीदवार तबस्सुम हसन ने अपने निकटम उम्मीदवार बीजेपी की मृगांका सिंह पर करीब 65 हज़ार वोटों की बढ़त बना ली है।
जिन चार लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ था उसमे से सिर्फ एक सीट पर बीजेपी आगे चल रही है। महाराष्ट्र की पालघर लोकसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार राजेंद्र गावित आगे चल रहे हैं। वहीँ महाराष्ट्र की भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट पर एनसीपी आगे चल रही है।
विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव में दस में से चार सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। ताजा रुझानो के अनुसार कांग्रेस पंजाब की शाहकोट, मेघालय की अपति, कर्नाटक की राजराजेश्वरी नगर तथा महाराष्ट्र की पलूस कडेगाँव सीट पर आगे चल रही है।
वहीँ पश्चिम बंगाल की मेहेशतला सीट पर तृणमूल कांग्रेस,उत्तर प्रदेश की नूरपुर सीट पर समाजवादी पार्टी, बिहार की जोकीहाट सीट पर जेडीयू, केरल की चेंगानूर विधानसभा सीट पर सीपीएम उम्मीदवार, बिहार की जोकीहाट सीट पर जनता दल यूनाइटेड, झारखंड की सिल्ली विधानसभा सीट पर आल झारखंड स्टूडेंट यूनियन तथा गोमिया सीट पर बीजेपी उम्मीदवार तथा उत्तराखंड की थराली सीट पर बीजेपी उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
कुल मिलाकर देखा जाए तो उपचुनाव वाली 10 विधानसभा सीटों में से बीजेपी उम्मीदवार दो सीटों पर आगे चल रहे हैं,कांग्रेस उम्मीदवार उपचुनाव की तीन सीटों पर तथा कर्नाटक की राजराजेश्वरी नगर सीट पर भी आगे हैं। एक सीट पर समाजवादी पार्टी, एक सीट पर आल झारखण्ड स्टूडेंट यूनियन, एक सीट पर सीपीएम, एक सीट पर जनता दल यूनाइटेड, एक सीट पर एनसीपी आगे चल रही है।
बता दें कि जिन चार लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ उसमे उत्तर प्रदेश की कैराना, महाराष्ट्र की भंडारा गोंदिया व पालघर तथा नागालैंड लोकसभा सीट शामिल हैं। वहीँ जिन दस विधानसभा सीटों पर विधानसभा उपचुनाव हुआ उसमे उत्तरप्रदेश की नूरपुर, बिहार की जोकीहाट, झारखंड की सिल्ली, गोमिया, उत्तराखंड की थराली, पश्चिम बंगाल की महेशतला, पंजाब की शाहकोट, मेघालय की आमपाटी, महाराष्ट्र की पलुस कादेगांव तथा केरल की चेंगानूर सीट शामिल हैं।
जिन चार लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हुआ है उनमे से तीन सीटें बीजेपी के पास थीं। 2014 के आम चुनाव में कैराना, भंडारा गोंदिया और पालघर सीटों पर बीजेपी उम्मीदवार विजयी हुए थे। उत्तर प्रदेश की कैराना और महाराष्ट्र की दोनो लोकसभा सीटों पर कांटे की टक्कर बताई जाती है।
