राहुल बोले “कर्नाटक में सरकार गिराने के लिए धनबल का इस्तेमाल कर रही बीजेपी”
अहमदाबाद। मानहानि के एक मामले में अहमदाबाद की मेट्रो कोर्ट में पेश होने पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कर्नाटक में चुनी हुई सरकार को गिराने के लिए बीजेपी धनबल का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी इससे पहले बीजेपी उत्तर-पूर्व के राज्यों में भी ऐसा कर चुकी है।
मानहानि के मामले में ज़मानत मिलने के बाद मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे इस बात से खुश हैं कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने उन्हें उनकी वैचारिक लड़ाई को जारी रखने और उसे जनता के बीच ले जाने के लिए एक मंच प्रदान किया है। राहुल यहां अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक से संबंधित मानहानि के मामले के सिलसिले में पहुंचे थे।
बाद में उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ‘मेरे राजनीतिक विरोधियों आरएसएस/भाजपा द्वारा मेरे खिलाफ दायर एक अन्य मामले में पेश होने के लिए मैं आज यहां अहमदाबाद आया हूं।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘मैं उन्हें यह मंच प्रदान करने के लिए और यह अवसर प्रदान करने के लिए धन्यवाद देता हूं, जिसके जरिए मैं उनके खिलाफ मेरी वैचारिक लड़ाई को जनता के बीच ले जा सकता हूं।’
गौरतलब है कि कर्नाटक में बागी विधायकों का मामला मंगलवार तक लटक गया है। सुप्रीमकोर्ट ने बागी विधायकों की याचिका पर सुनवाई करते हुए मंगलवार तक यथा स्थति बनाये रखने के निर्देश दिए हैं।
वहीँ दूसरी तरफ कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में जो कुछ हुआ, उसके बाद वह अपना बहुमत साबित करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह फ्लोर टेस्ट के लिए तैयार हैं। एचडी कुमारस्वामी ने भरोसा जताया है कि बहुमत अब भी उनके साथ है। उनका कहना था, ‘मैं किसी भी चीज के लिए तैयार हूं। मुझे सत्ता से चिपके रहने का शौक नहीं है।’
