राहुल ने मोदी को झप्पी नहीं झटका दे दिया: शिवसेना
नई दिल्ली। आज संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुर्सी की तरफ बढ़कर उनके गले लगने को लेकर शिवसेना ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि आज संसद में राहुल गांधी ने जो कुछ किया उससे लगता है कि राहुल गांधी राजनीति की असली पाठशाला में दाखिल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह राहुल गांधी ने पीएम नरेंद्र मोदी को जादू की झप्पी लगायी, असल में वो झप्पी नहीं झटका था।
बता दें कि आज संसद में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कांग्रेस राहुल गांधी ने जहाँ अपने भाषण में आक्रामतकता दिखाई वहीँ उन्होंने अपने एक तीर से कई निशाने साधे।
राहुल गांधी ने पीएम मोदी के विदेशी नेताओं से गले लगने के फॉर्मूले को उन्हें ही थमा दिया। राहुल गांधी सदन में अपनी सीट से उठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट तक पहुंचे और उनके गले लगे।
यह पहला मौका था जब मोदी सरकार के पिछले चार साल से अधिक समय के कार्यकाल के दौरान पीएम मोदी और राहुल गांधी को गले मिलते देखा गया हो।इतना ही नहीं जब राहुल अपनी सीट पर वापस जाकर बैठे तो उन्होंने बगल में बैठे सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को मुस्कुराते हुए विंक (आँख मारी) किया।
