राहुल गांधी ने की कांग्रेस वर्किंग कमेटी भंग, 34 सदस्यीय संचालन समिति गठित
नई दिल्ली। कांग्रेस में जल्द बड़े बदलाव होने के कयासों के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्य समिति (CWC) को भंग कर दिया है तथा पार्टी से जुड़े फैसले लेने के लिए संचालन समिति का गठन किया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पार्टी की निर्णय लेने वाली सर्वोच्च इकाई केंद्रीय कार्यकारी समिति (सीडब्ल्यूसी) को भंग कर उसकी जगह 34 सदस्यीय संचालन समिति गठित कर दी जो पार्टी के आगामी पूर्ण सत्र के लिए सीडब्ल्यूसी की जगह काम करेगी।
34 सदस्यों वाली संचालन समिति की सूची में मधुसूदन मिस्त्री का नाम नहीं है। इस लिस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह, पूर्व रक्षा मंत्री एके एंटनी, अहमद पटेल, अम्बिका सोनी, बीके हरिप्रसाद, सीपी जोशी, दिग्विजय सिंह, गुलाम नबी आज़ाद, श्रीमती हेमो प्रोवा सैकिया, जनार्दन दिवेदी, मोहन प्रकाश, कमल नाथ, मोती लाल बोहरा, मुकुल वासनिक, सुश्री सुशीला त्रिया, मल्लिकार्जुन खड़के, अशोक गहलोत, किसी वेणुगोपाल, अविनाष पांडे, सुशिल कुमार शिंदे, दीपक बाबरिया, पीसी चाको , आशा कुमारी, ऐ चेल्ला कुमार, आरपीएन सिंह, पीएल पूनिया, आरसी खुंटाई, डा करण सिंह, पी चिदंबरम, ऑस्कर फर्नाडीज, आनंद शर्मा और रणदीप सिंह सुरजेवाला के नाम शामिल हैं।
सभी सीडब्ल्यूसी सदस्य जहां नयी समिति का हिस्सा हैं, वहीं अमरिंदर सिंह, विलास मुत्तेमवार, आरके धवन, शिवाजीराव देशमुख, एमवी राजशेखरन और मोहसिना किदवई जैसे कुछ स्थाई आमंत्रित सदस्यों तथा विशेष आमंत्रित सदस्यों के नाम हटा दिए गए हैं।
पूर्ण सत्र का कार्यक्रम तय करने को लेकर संचालन समिति की शनिवार को बैठक होगी। इस पूर्ण सत्र के पांच मार्च को संसद के बजट सत्र का दूसरा हिस्सा शुरू होने से पहले होने की संभावना है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस में बड़े बदलाव करने के लिए कांग्रेस कार्यसमिति को भंग कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार 2019 के चुनावो की तैयारी के मद्देनज़र पार्टी के नट बोल्ट कसने की कवायद के तहत नए सिरे से कार्यसमिति का गठन होगा।
