राहुल गांधी जल्द बन जायेंगे कांग्रेस अध्यक्ष : सोनिया गांधी

नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाये जाने की चर्चाएं काफी समय से चल रही हैं लेकिन अब राहुल गांधी जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष बन जायेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वयं इसकी स्वीकारोक्ति दी है।
एनडीटीवी से बात करते हुए कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने को लेकर काफी समय से सवाल पूछे जा रहे हैं, अब इन सवालों का जवाब देने का वक्त आ गया है। यह पूछे जाने पर उन्हें यह जिम्मेदारी कब दी जाएगी?
सोनिया गांधी ने कहा कि राहुल इस गुजरात और हिमाचल में पार्टी के चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं लेकिन जल्द ही उन्हें यह जिम्मेदारी दी जाएगी।
गौरतलब है कि राहुल गांधी आजकल गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी अभियान में पूरा समय दे रहे हैं। कांग्रेस के लिए दोनो ही राज्य बेहद महत्वपूर्ण हैं। हिमाचल में जहाँ कांग्रेस की कोशिश एक बार फिर सत्ता में वापसी करने की है वहीँ गुजरात में कांग्रेस सत्तारूढ़ बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने के लिए पूरा ज़ोर लगा रही है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने हाल ही में कई राज्यों की कांग्रेस इकाई ने प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रीय कार्यकारिणी को भेजे हैं। राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष सचिन पायलट भी दीवाली बाद राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने की बात कह चुके हैं।