राहुल गांधी को मनाने के लिए दिल्ली में उनके आवास पर समर्थको का प्रदर्शन

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा न देने के लिए मनाने की कवायद अभी जारी है। इसी कवायद में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास के बाहर उनके समर्थन में नारे लगाते हुए प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्त्ता हाथो में तखितयां भी लिए हुए थे। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस,यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस से जुड़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित और कांग्रेस नेता जगदीश टाइटलर भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में पराजय के बाद आयोजित कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने इस्तीफे की पेशकश की थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं से नाराज़ थे। इनमे राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम से राहुल इसलिए नाराज़ थे क्यों कि उन्होंने अपने बेटो को पार्टी का टिकिट दिलवाया।
कार्यसमिति की बैठक में नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से इस्तीफा न देने के लिए कहा। इतना ही नहीं कार्यसमिति की बैठक में ही सदस्यों ने राहुल गांधी को इस्तीफा न देने के लिए मनाने की कोशिश भी की लेकिन यह कोशिश नाकामयाब साबित हुई।
राहुल लगातार अपनी ज़िद्द पर अड़े हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को मनाने पहुंचे कई वरिष्ठ नेताओं को मिलने का समय देने से भी इंकार कर दिया है। कल राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी को साथ लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने गए थे।
मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सिर्फ प्रियंका गांधी से ही मिले और उन्होंने सचिन पायलट औरअशोक गहलोत से मिलने से इंकार कर दिया था।