राहुल गांधी कल करेंगे “संविधान बचाओ अभियान” की शुरुआत

राहुल गांधी कल करेंगे “संविधान बचाओ अभियान” की शुरुआत

नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कल दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में संविधान बचाओ अभियान की शुरुआत करेंगे। कांग्रेस पार्टी की योजना के मुताबिक़ ये अभियान पूरे देश भर में अगले एक साल तक चलाया जाएगा।

सोमवार सुबह साढ़े दस बजे इस अभियान की शुरुआत की जाएगी। पंचायत और स्थानीय निकाय और ज़िला स्तर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ-साथ इसमें मुख्य रूप से कांग्रेस के ऐसे तमाम प्रमुख नेता शामिल होंगे जो दलितों के लिए काम करते रहे हैं। इसके अलावा पार्टी के महिला और युवा कांग्रेस और कांग्रेस सेवादल की भी सक्रिय भागीदारी होगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार इस अभियान की शुरुआत में भाग लेने वाले तमाम कांग्रेसियों को अपने-अपने इलाक़े में जाकर ये संदेश फैलाने की ज़िम्मेदारी दी जाएगी कि किस तरह से कांग्रेस उनके हक़ों के लिए लड़ रही है। इसके लिए यह अभियान अलग-अलग राज्यों में भी चलाया जाएगा।

‘सेव द कांस्टिट्यूशन’ अभियान की शुरुआत के अलावा कांग्रेस पार्टी 29 अप्रैल को दिल्ली के ही रामलीला मैदान में एक रैली भी करने जा रही है। ये रैली को देश में बढ़ते अविश्वास और अहिष्णुता के खिलाफ बताया गया है। इससे पहले कांग्रेस ने 9 अप्रैल को इसी मुद्दे पर देशव्यापी उपवास का भी आयोजन किया था. कुल मिला कर कांग्रेस 2019 की तैयारी में जुट गई है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital