रायबरेली में पीएम मोदी की सभा से क्यों जाने लगी जनता? प्रमोद तिवारी ने कही ये बात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नेहरू गांधी परिवार के परम्परागत गढ़ कहे जाने वाले रायबरेली में थे।
उन्होंने रायबरेली एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस पर कई निशाने साधे। उन्होंने राफेल डील से लेकर रायबरेली में रेल कोच फैक्ट्री के कामो में हुई देरी के लिए कांग्रेस को ज़िम्मेदार बताया।
पीएम मोदी ने अपने भाषण में इशारो इशारो में रायबरेली से सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को तो निशाना बनाया ही, उन्होंने कारगिल युद्ध का ज़िक्र भी किया लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी श्रद्धांजलि तक नहीं दी ।
कांग्रेस का कहना है कि पीएम मोदी की यह रैली 1971 के युद्ध (विजय दिवस) के 47 साल पूरे होने पर आयोजित की गयी थी लेकिन आज ही के दिन पाकिस्तान से अलग बांग्लादेश भी बना था। इसके बावजूद पीएम मोदी ने एक बार भी 1971 के युद्ध में अहम भूमिका निभाने वालीं पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को याद नहीं किया।
कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी का कहना है कि पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का अपमान किया है। उन्होंने रायबरेली की जनता को बधाई देते हुए कहा कि रायबरेली की जनता ने मोदी को नकार दिया।
प्रमोद तिवारी ने कहा, ‘1971 में आज ही के दिन इंदिरा गांधी के नेतृत्व में बांग्लादेश का जन्म हुआ था. एक राष्ट्र का उदय हुआ था और एक गौरवशाली इतिहास लिखा गया था लेकिन, पीएम ने आज के दिन इंदिरा जी के क्षेत्र में उन्हीं को अपमानित करने की कोशिश की है।’
उन्होंने ये भी दावा किया, ‘पीएम मोदी ने जिस सड़क का उद्घाटन किया, उसे सोनिया गांधी ने बनवाया था। पीएम मोदी आखिर कब अपने प्रोजेक्ट का उद्घाटन करेंगे? अमेठी और रायबरेली में कई काम पेंडिंग पड़े हैं। वादे तो बहुत किए गए, लेकिन हुआ कुछ भी नहीं।’
