राममंदिर पर पीएम मोदी के बयान पर संघ ने कहा ‘उम्मीद है मोदी सरकार अपना वादा पूरा करेगी’
नयी दिल्ली। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए अध्यादेश लेने के सवाल पर पीएम मोदी द्वारा दिए गए बयान के बाद अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने कहा कि लोगों को उम्मीद है कि मोदी सरकार राम मंदिर का निर्माण कराने के वादे को अपने कार्यकाल में पूरा करेगी क्योंकि भाजपा इसके लिए हर संभव कोशिश करने का वादा कर 2014 में सत्ता में आई थी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को दिए साक्षत्कार में कहा था कि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने पर ही राम मंदिर निर्माण के सिलसिले में सरकार कोई कदम उठाएगी।
पीएम मोदी के बयान पर आरएसएस ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने 2014 के चुनाव घोषणापत्र में राम मंदिर निर्माण के लिए संविधान के दायरे में हर संभव कोशिश करने का वादा किया था। भारत के लोगों ने भाजपा के वादों पर भरोसा करते हुए उसे बहुमत दिया था।’’
संघ ने मोदी की टिप्पणी को राम मंदिर निर्माण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। वहीं, शिवसेना के प्रवक्ता संजय राउत ने हैरानी जताते हुए कहा कि क्या मोदी के लिए कानून भगवान राम से भी बड़ा है।
गौरतलब है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर आरएसएस और उससे जुड़े संगठनों सहित हिंदुत्व संगठनों तथा भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टी शिवसेना राम मंदिर के शीघ्र निर्माण के लिए अध्यादेश लाने की मांग कर रहे हैं।
वहीँ पीएम मोदी ने राम मंदिर निर्माण को लेकर कहा है कि न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद बतौर सरकार हमारी जो भी जिम्मेदारी होगी, उसके लिए हम हर कोशिश करने को तैयार हैं।
वहीँ दूसरी तरफ अयोध्या मामले में सुप्रीमकोर्ट में चल रही सुनवाई 03 जनवरी को फिर से शुरू होगी। इस मामले में सुप्रीमकोर्ट पहले ही कह चूका है कि इस मामले में ज़मीनी विवाद की सुनवाई ज़मीन के आम मामलो की तरह ही होगी। इस वर्ष में मई तक लोकसभा चुनाव भी होने हैं ऐसे में यदि चुनाव से पूर्व अयोध्या मामले में कोई फैसला नहीं आता तो बीजेपी के लिए आगामी चुनाव में मुश्किलें पैदा हो सकती हैं।
