राफेल डील पर संसद में हंगामा, जेपीसी की मांग पर अड़ा विपक्ष

राफेल डील पर संसद में हंगामा, जेपीसी की मांग पर अड़ा विपक्ष

नई दिल्ली। राफेल डील पर जेपीसी बनाये जाने की मांग को लेकर आज गुरूवार को भी संसद के दोनों सदनों में हंगामा हुआ और लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक और राज्यसभा को दिन भर के लिए स्थगित कर दिया गया है।

राफेल विमान डील को लेकर विपक्ष जेपीसी बनाये जाने की मांग कर रहा है वहीँ सरकार इससे इंकार कर रही है। सरकार का तर्क है कि सुप्रीमकोर्ट ने अपने फैसले में राफेल डील पर कोई शंका ज़ाहिर नहीं की है। वहीँ विपक्ष सुप्रीमकोर्ट में सरकार द्वारा राफेल डील को लेकर रखे गए तथ्यों को गुमराह करने वाला बता रहा है।

राफेल विमान सौदे सहित विभिन्न मुद्दों पर हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक गुरुवार को शुरू होने के कुछ ही देर बाद पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई। जबकि कावेरी डेल्टा, किसानों के मुद्दे और आंध्रप्रदेश पुनर्गठन अधिनियम के प्रावधानों को लागू करने की मांग पर भी कांग्रेस, अन्नाद्रमुक एवं तेलुगू देशम पार्टी के सदस्य लोकसभा में जमकर हंगामा कर रहे हैं। जिसके कारण लोकसभा की कार्यवाही गुरुवार को शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद ही स्थगित करनी पड़ी।

लोकसभा में प्रश्नकाल शुरू होने के साथ ही कांग्रेस सदस्य अध्यक्ष के आसन के पास आकर राफेल विमान सौदे की जांच के लिए जेपीसी के गठन की मांग करने लगे। तेदेपा सदस्य भी आंध्रप्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग करते हुए हाथों में तख्तियां लेकर आसन के पास आ गए।

कुछ देर बाद अन्नाद्रमुक सदस्य भी कावेरी नदी पर बांध का निर्माण रोकने की मांग करते हुए आसन के निकट पहुंच गए। कांग्रेस सदस्यों के हाथों में तख्तियां थीं जिन पर ‘वी डिमांड जेपीसी’ तथा अन्य नारे लिखे हुए थे। उन्होंने ‘प्रधानमंत्री सदन में आओ’ और ‘प्रधानमंत्री जवाब दो’ के नारे भी लगाए।

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सदस्यों से अपने स्थान पर जाने और सदन की बैठक चलने देने का आग्रह किया. हंगामा बढ़ता देख उन्होंने कार्यवाही शुरू होने के करीब 10 मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

TeamDigital