राज्य सभा चुनाव में शरद यादव समर्थक इस एमएलए ने नीतीश को दी पटखनी

राज्य सभा चुनाव में शरद यादव समर्थक इस एमएलए ने नीतीश को दी पटखनी

नई दिल्ली। गुजरात में सम्पन्न हुए राज्य सभा चुनाव में कश्मकश में फंसी कांग्रेस नेता अहमद पटेल की सीट को मझधार से बाहर निकालने वाले जदयू एमएलए को शरद यादव का समर्थक बताया जा रहा है। छोटू भाई वसावा नामक जदयू विधायक ने पार्टी व्हिप के खिलाफ जाकर अहमद पटेल को वोट दिया।

जदयू नेता केसी त्यागी के अनुसार छोटू भाई वसावा को बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के लिए व्हिप ज़ारी किया गया था। केसी त्यागी ने मतदान के बाद दावा किया कि जदयू विधायक ने बीजेपी उम्मीदवार को वोट दिया है।

इसके जबाव में छोटू भाई वसावा ने कहा कि “वोट केसी त्यागी ने नहीं डाला, बल्कि मैंने डाला है, इसलिए मुझे पता है कि किसको डाला है।उन्होंने कहा था कि केसी त्यागी होते कौन हैं यह बताने वाले कि छोटूभाई वासवा किसको वोट देंगे?”

कांग्रेस उम्मीदवार अहमद पटेल को वोट देने के बाद छोटूभाई वासवा ने भाजपा के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बीजेपी पिछले 22 सालों से सत्ता में है लेकिन उसने आदिवासी जाति के लोगों के लिए कुछ नहीं किया।

अहमद पटेल को हर तरफ से घेर रही बीजेपी के लिए छोटू भाई वसावा का वोट घातक सिद्ध हुआ। बीजेपी मान कर चल रही थी कि बिहार में बदले राजनैतिक समीकरणों के बाद नीतीश कुमार की पार्टी के विधायक छोटू भाई वसावा बीजेपी उम्मीदवार को वोट देगा लेकिन जदयू विधायक ने नीतीश स्टाइल में ही उन्हें पटखनी दे दी।

TeamDigital