राजस्थान में बोले राहुल ‘गली-गली में चोर है, देश का चौकीदार चोर है’
जयपुर। राजस्थान में इस वर्ष होने जा रहे विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी गुरुवार को डूंगरपुर के सगवाड़ा में एक बड़ी जनसभा को सम्बोधित किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने यह संदेश देने की कोशिश की कि उनकी पार्टी मिलकर चुनाव लड़ रही है और अशोक गहलोत-सचिन पायलट के बीच कोई मतभेद नहीं है।
साथ ही उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर हमला भी बोला और कहा कि गौरव यात्रा का पैसा जनता की जेब से निकाला जा रहा है। राहुल ने महिलाओं के प्रतिनिधित्व को बढ़ाने की बात करते हुए कहा कि मैं ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को चुनावों में देखना चाहता हूं क्योंकि भारत में उनके बिना कुछ नहीं हो सकता है।
राहुल गांधी ने स्थानीय उद्योग को बढ़ावा देने का वादा करते हुए कहा, ‘हम चाहते हैं कि एक दिन आप अपने फोन के पीछे देखो तो उस पर ‘मेड इन राजस्थान’ और ‘मेड इन डूंगरपुर’ लिखा हो।’
राहुल गांधी ने एक बार फिर से विजय माल्या के बहाने पीएम मोदी और बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने कहा, ‘जब 9000 करोड़ रुपये की चोरी करके विजय माल्या भागता है तो वह संसद भवन में देश के वित्त मंत्री से मिलकर जाता है। यह मैं नहीं कह रहा, ऐसा अरुण जेटली जी ने कहा है कि माल्या उनसे मिलकर गया और यह भी बताया कि वह लंदन जा रहा है।’
राजस्थान में कांग्रेस के दो धुरों सचिन पायलट और अशोक गहलोत को फिर से साथ दिखाते हुए राहुल ने कहा, ‘एक दिन मैंने अखबार खोला और फोटो देखी कि सचिन पायलट मोटरसाइकल चला रहे थे और पीछे अशोक गहलोत जी बैठे थे, तभी मैंने कहा कि चलो राजस्थान में कांग्रेस चुनाव जीत गई।’
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। ये कार्यकर्ता लाठी खाता है डंडे खाता है लेकिन बाद में कोई नेता पैराशूट से आकर टिकट ले जाता है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस का कार्यकर्ता तय करेगा कि उम्मीदवार कौन होगा और इस पैराशूट को काटने का काम मैं खुद करूंगा।
डेढ़ महीने में दूसरी बार राजस्थान के दौरे पर आए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज मेवाड़ में प्रधानमंत्री वसुंधरा राजे और राजस्थान सरकार पर जमकर बरसे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि गली-गली में शोर है देश का चौकीदार चोर है, बार-बार इस नारे को दोहराया राहुल गांधी ने और भीड़ भी इस नारे को दोहराने लगी। राहुल गांधी ने राफेल डील को बताते हुए यह नारा लगाया और जनता के बीच एक बार फिर से राफेल डील को समझाया।
