राजस्थान में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री और सचिन पायलट होंगे उपमुख्यमंत्री

राजस्थान में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री और सचिन पायलट होंगे उपमुख्यमंत्री

नई दिल्ली। राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर फंसा पेंच निकल गया है। एएनआई न्यूज़ ने सूत्रों के हवाले से कहा है कि राजस्थान में अशोक गहलोत मुख्यमंत्री होंगे वहीँ सचिन पायलट राज्य के उपमुख्यमंत्री बनेगे। इतना ही नहीं पायलट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी बने रहेंगे।

इससे पहले कल दिनभर राजस्थान में मुख्यमंत्री पद का मामला हल करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आवास पर माथापच्ची चलती रही लेकिन कोई हल नहीं निकल सका।

सूत्रों की माने तो सचिन पायलट का कहना था कि क्योंकि उन्होंने पिछले 5 साल राजस्थान में रहकर काम किया है इसलिए उन्हें पद मिलना चाहिए। बताया जा रहा है कि सचिन पायलट और अशोक गहलोत से यूपीए चेयर पर्सन सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अलग अलग बात कर मनाने की कोशिश की।

अब माना जा रहा है कि सचिन पायलट उप मुख्यमंत्री पद के लिए सहमत हो गए हैं। वे राजस्थान के सबसे कम उम्र के उप मुख्यमंत्री होंगे। इतना ही नहीं राजस्थान में पहली बार कोई उप मुख्यमंत्री बनेगा।

सचिन पायलट कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर भी यथावत काम करते रहेंगे। वसुंधरा सरकार के दौरान सचिन पायलट ने प्रदेश में जनता के बीच जमकर पसीना बहाया है। उन्होंने अपने ज़मीनी संघर्ष के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में यात्राएं भी की।

वहीँ माना जा रहा है कि आज छत्तीसगढ़ को लेकर भी कांग्रेस मुख्यमंत्री के नाम का एलान करेगी। इससे पहले कल देर रात मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर कमलनाथ के नाम का एलान किया गया था।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital