राजस्थान: एन चुनाव के वक़्त बीजेपी सांसद ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस में शामिल

राजस्थान: एन चुनाव के वक़्त बीजेपी सांसद ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस में शामिल

जयपुर। राजस्थान में एन चुनाव से पहले बीजेपी को एक और बड़ा झटका लगा है। दौसा से बीजेपी सांसद हरीश मीणा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है और वे कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।

हरीश मीणा ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी के प्रभारी महासचिव अशोक गहलोत और प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। हरीश मीणा पूर्व केंद्रीय मंत्री नमो नारायण मीणा के छोटे भाई हैं। वे साल 2014 में चुनाव से ठीक पहले भाजपा से जुड़े थे।

राजनीति में आने से पहले हरीश मीणा राजस्थान के डीजीपी भी रह चुके हैं। उन्हें राजस्थान का सबसे लंबे समय तक डीजीपी रहने के लिए भी जाना जाता है। 2014 के चुनाव में हरीश मीणा और नमो नारायण के बीच मुकाबला हुआ था जिसमें बड़े भाई नमो नारायण को हार का सामना करना पड़ा था।

हरीश मीणा का भाजपा से इस्तीफा पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि इससे पहले नागौर से विधायक हबीबुर्रहमान ने भी टिकट कटने से नाराज होकर पार्टी छोड़ दी है। हबीबुर्रहमान बीजेपी से पांच बार विधायक रह चुके हैं और माना जा रहा है कि वो कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

वहीं इससे पहले बीजेपी के पूर्व महासचिव कुलदीप धनकड़ ने भी उपेक्षित होने के कारण सोमवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। धनकड़ जयपुर ग्रामीण की विराट नगर सीट से अपना दावा ठोंक रहे थे। अब वो भी निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं।

TeamDigital